सड़क के बीचों-बीच ट्रक पलटा, बिखरी बोतलें, हाईवे पर लगा जाम
राष्ट्रीय चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे 205 पर सुबह करीब 8:00 बजे स्वारघाट के समीप जूस की बोतलो से भरा ट्राला व कार में जोरदार टक्कर हो गई। ट्राला टक्कर के बाद बीच सड़क में पलट गया व कोल्ड ड्रिंक की पेटियां सड़क पर बिखर गई। कार में 4 लोग सवार थे जिनमें से 3 को चोटे आई हैं, व इनको 108 की मदद से पीएचसी स्वारघाट में उपचार के लिए लाया गया। उपचार बाद उन्हें 108 की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह 8:00 बजे के करीब हुई। बता दें यह ट्राला पंजाब से हिमाचल के बिलासपुर जा रहा था की दूसरी तरफ से हमीरपुर से कार बद्दी की ओर जा रही थी। स्वारघाट के समीप के तीखे मोड़ पर दोनों में जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस थाना स्वारघाट की पुलिस अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गई। दोनों गाड़ियों को हटाने का प्रयास किया गया लेकिन ट्राला सड़क के बीच पलटने के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पूर्ण रूप से बंद हो गया। दोनों तरफ सैकड़ों वाहनों की लाइने लग गई जिस कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति पैदा हो गई। इस दुर्घटना में कार के अंदर एक 7 साल की बच्ची फस गई जिसे डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जो भी इसमें घायल हुए हैं वे सभी सुरक्षित हैं व उनका उपचार स्वारघाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया और उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। इस दुर्घटना में पुलिस थाना स्वारघाट ने मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
