फिर गड्ढों में तब्दील हुआ शालाघाट-भराड़ीघाट एनएच, विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बरसात का मौसम शुरू होते ही सड़को पर गड्ढे पड़ना व पानी खड़ा होना शुरू हो जाता है। नेशनल हाईवे 205 मुख्य मार्ग में पड़े गड्डो को एनएचएआई द्वारा अभी कुछ दिन पहले ही दुरुस्त किया गया था, लेकिन ये गड्ढे अब फिर पुरानी स्थिति में देखे जा सकते है। हकीकत ये है कि कुछ समय पहले ही नेशनल हाईवे 205 शालाघाट से लेकर भराड़ीघाट तक पड़े इन गड्ढों को भरने का कार्य किया गया था, लेकिन जैसे ही बरसात का मौसम शुरू हुआ तो सड़क में पड़े गड्ढे फिर पुराने रूप में नजर आने लगे। स्थानीय लोगों में पंचायत सदस्य स्यार रमेश कुमार भाटिया, लक्ष्मी चंद, रमेश कुमार, रोशन लाल, संजीव गौतम, दीप राम चंदेल, संतराम ठाकुर, बाबू राम, अनिल गुप्ता, वीरेंद्र, लाल चंद, मदन का कहना है कि नेशनल हाईवे 205, शालाघाट दाड़लाघाट से भराडीघाट व राजघाटी तक सड़क में बड़े-बड़े गड्डो व सड़क खराब होने का मुख्य कारण ये है कि विभाग द्वारा सड़क में पड़े गड्ढे तो भर दिए गए, लेकिन सड़क के साथ नाली का निर्माण ना करने से बरसात के मौसम में पानी खड़ा होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है।
लोगों ने कहा कि स्यार में जल शक्ति विभाग कार्यालय के नजदीक पड़े एक बड़े गड्ढे को अभी कुछ समय पूर्व ही भरा गया था, लेकिन जैसे ही बरसात का मौसम शुरू हुआ तो ये गड्ढा पुराने हालात में आ गया। लोगों ने कहा कि अगर जिस समय सड़क की मुरम्मत की जा रही थी अगर उस समय सड़क के साथ नालियों का निर्माण किया जाता तो सड़क की हालत इतनी खराब नही होनी थी जिससे आने वालों दिनों में बरसात के कारण सड़क की हालत खस्ताहाल हो जाएगी। लोगों का कहना है कि यदि सड़क में गड्ढे पड़ते रहे व सड़क क्षतिग्रस्त होती रही तो आने वाले दिनों में यह मालूम कर पाना मुशिकल हो जाएगा कि सड़क में गड्ढे है या गड्डो में सड़क। लोगों ने कहा कि सड़क की खस्ता हालत के चलते वाहन चालक परेशान है, वही जगह-जगह पड़े गड्ढों से हादसे की भी आशंका बनी हुई है। इस सड़क पर उद्योग होने से भारी-भरकम वाहनों का आना जाना लगा रहता है। इससे सड़क जल्द क्षतिग्रस्त हो जाती है। सड़क पर जगह-जगह पड़े गड्ढों से वाहन चालकों को तो क्या पैदल चलने वाले भी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इन गड्ढों को ठीक करवाया जाए या पंचिंग दोबारा से की जाए।
जब इस बारे एनएचएआई के इंजीनियर अमन गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वहा पर लोगो व दुकानदारों ने घर को जाने के लिए रैंप लगाए है जिस वजह से नालियां जाम हो जाती है।ज ल्द ही विभागीय अधिकारी को भेज कर उन नालियां को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।
