समस्याओ से जूझ रहे किसान : प्रशासन कर रहा नजर अंदाज
15 जुलाई, 2020 को हिमाचल किसान सभा क्षेत्रीय कमेटी वाकनाघाट द्वारा वाकनाघाट में एक दिवसीय अधिवेशन आयोजन किया गया।
किसान सभा वाकनाघाट इकाई ने वर्ष 2019 में सब्जी मंडी वाकनाघाट की जो समस्याएं उठाई थी, उनके संबंध में मंडी सचिव व सोलन मंडी बोर्ड के चेयरमैन महोदय ने यह आश्वासन दिया था कि वाकनाघाट मंडी में परिसर का विस्तार किया जाएगा और बाहर से आने वाले आढ़तियों के रहने की व्यवस्था की जाएगी। यह भी आश्वासन दिया गया था कि किसानों से फसल तोल कर ली जाएगी। किसी किस्म की कोई काट नहीं काटी जाएगी, व बोली करवाने के लिए मंडी प्रशासन द्वारा कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा।
लेकिन इतना समय बीत जाने के बाद भी सब्जी मंडी में किसानों की फसल की कोई बोली नहीं हो रही है। आढ़तियों द्वारा किसानों से काट काटी जा रही है व मंडी का कोई भी विस्तार नहीं किया गया है, ना ही बाहर से कोई आढ़ती यहां आ रहा है तथा किसानों की मनमानी लूट चल रही है।
किसान सभा क्षेत्रीय इकाई वाकनाघाट ने 26 जून, 2020 को भी सचिव एपीएमसी से एक ज्ञापन के माध्यम से मांग उठाई थी, कि सब्जी मंडी प्रशासन अपना प्रभावशाली हस्तक्षेप करके बाहर से आढ़तियों की पहुंच व बोली के लिए मंडी में प्रशासन का कर्मचारी तुरंत नियुक्त करवाए व फसल की बिक्री तोल कर करने की व्यवस्था की जाए तथा काट काटने की प्रथा को शीघ्र बंद करवाया जाए। इसके साथ ही साथ किसान सभा ने 15 जुलाई तक इन समस्याओं का समाधान न होने के मामले में किसान सभा को मजबूरन क्षेत्रीय स्तर पर किसान अधिवेशन को आयोजित करते हुए आंदोलन की राह पर चलने की चेतावनी भी दी थी।
इस मौके पर किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल सब्जी मंडी प्रशासन से मिला जहां पर काट न काटे जाने व किसानों की सब्जियों की बोली सुबह 8 से 11 बजे तक लगाए जाने पर दोनों पक्षों में सहमति बनी।
इस अधिवेशन में लगभग 150 किसानों ने भाग लिया व आगामी रणनीति पर चर्चा की गई व यह तय किया गया कि किसान सभा किसानों को लामबंद करते हुए 30 जुलाई, 2020 को सब्जी मंडी वाकनाघाट पर टमाटर पर आधारित प्रोसेसिंग उद्योग व मंडी के विस्तार की मांगों को लेकर प्रदर्शन आयोजित करेगी। इसके साथ ही साथ यदि सब्जी मंडी प्रशासन द्वारा किए गए वादों को 30 जुलाई तक अमल में नहीं लाया जाता है तो उस विषय पर भी प्रशासन से सवाल किए जाएंगे।
इस मौके पर हिमाचल किसान सभा जिला सचिव प्यारे लाल वर्मा, क्षेत्रीय कमेटी वाकनाघाट अध्यक्ष पदम कंवर, सचिव अशोक वर्मा, उपाध्यक्ष तेजराम, कोषाध्यक्ष बालकृष्ण सोनी सहित अमीचंद, लता शांडिल, संगीता, कृष्णदत्त आदी क्षेत्रीय कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
