सुचारू तरीके से चलाया जा रहा है घर-घर पाठशाला कार्यक्रम : महिंदर कुमार धीमान
बिलासपुर जिले में इन दिनों स्कूलों में करवाई जा रही ऑनलाइन पढ़ाई को व्यापक रूप से चलाया जा रहा है तथा सरकार द्वारा निर्धारित किए गए कार्यक्रम घर घर पाठशाला का संचालन बेहतर तरीके से किया जा रहा है। यह बात बिलासपुर जिला मुख्यालय पर डिप्टी डायरेक्टर हायर एजुकेशन का पद संभालने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए नव नियुक्त डिप्टी डायरेक्टर महिंदर कुमार धीमान ने कही।
धीमान इससे पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुगलाडा तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा में बतौर प्रिंसिपल कार्य कर रहे थे। प्रमोशन होने के उपरांत बिलासपुर आने पर उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वाारा चलाई जा रही नीतियों को लागू करना रहेगी। उन्होंनेे बताया इसके अलावा पिछलेे 19 वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत थे और उन्होने शिक्षा के हर पहलु को अनुभव किया है। घर घर पाठशाला के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शिमला मुख्यालय से विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए लिंक जिले में सुबह साढ़े आठ बजे आ जाते हैं और उसके बाद वह सभी स्कूलों में अध्यापकों को भेज दिए जाते हैं जहां से वह बच्चों को भेजे जाते हैं और आन लाइन पढ़ाई आरंभ हो जाती है। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई से यह कार्य अनवरत जारी है।
उन्होने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने से पहले उन्होंने सेना में कार्य करते हुए देश सेवा की है इसलिए वह हर कार्य को मिशन की तरह से लेते हैं। उन्होंनें बताया कि बिलासपुर आकर उन्हें अलग सा कुछ भी नहीं लग रहा बल्कि सभी अपने ही लग रहे हैं। कार्यालय में भी बेहतर तालमेल है और सभी कर्मचारी अपना काम जिम्मेदारी पूर्वक कर रहे हैं।
