सड़क दुरुस्त न होने पर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
दो विधानसभा क्षेत्रों में पड़ने वाली औहर-धराड़सानी सड़क की बदहाली से परेशान लोगों ने जिला प्रशासन व लोक निर्माण विभाग को चेतावनी दी है कि यदि इस सड़क को जल्द दुरूस्त न किया गया तो उन्हें आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा।
ग्राम पंचायत औहर के पूर्व प्रधान एवं जिला ग्रामीण भाखड़ा विकास समिति के अध्यक्ष देसराज शर्मा, लक्ष्मण दास, आकाश चंदेल, सहज राम, बलबीर चंदेल, पूर्व बी.डी.सी. शीला देवी, सीता देवी, सुभाष ठाकुर, प्रेमलाल, दर्शन कुमार, धनीराम, अरङ्क्षवद वर्मा, प्रेमलाल वर्मा, अंकुश ठाकुर आशोक चंदेल, चंद्रमणि ठाकुर व जय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा है कि सडृक की हालत बद से बदतर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। बरसात के इस मौसम में गड्ढों में पानी भर जाता है जिससे इस सड़क पर वाहन चलाना दुश्वार हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया गया लेकिन विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
उन्होंने बताया कि औहर से लेकर भंजवाणी तक की सड़क घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत आती है जबकि इससे आगे की सड़क झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत आती है। क्षेत्रवासियों ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों से मांग की है कि वे उनकी समस्या का समाधान करवाएं अन्यथा उन्हें मजबूरी में आंदोलन करने पर विवश होना पड़ेगा।
