देश की जनता दिन-प्रतिदान बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी से तंग : बंबर ठाकुर
कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकारों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि इस समय देश की जनता दिन-प्रतिदान बढ़ती मंहगाई और बेरोजगारी से तंग आ चुकी है। उन्होने कहा कि भाजपा ने सत्ता पाने के लिए पढे –लिखे बेरोजगार युवक-युवतियों को हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने, हर व्यक्ति के खाते में 15 -15 लाख रुपए जमा करवाने, किसानों की आय दोगुनी करने की बड़ी-बड़ी डींगे हांक कर देश के कारोड़ों युवाओं को ठगने का काम किया और अब जब सत्ता में विराजमान हो गए हैं , तो रोजगार देना तो दूर रोजगार छीने जा रहे हैं जबकि पेट्रोल और डीजल के रेटों में बेतहाशा बढ़ौतरी करके उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आ गया है, जिस कारण आम आदमी को दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी कठिन हो गया है। सरकार के गलत व अनुचित निर्णयों और नीतियों के कारण समाज के हर वर्ग में निराशा व हताशा व्याप्त हो गई हैं।
बंबर ठाकुर ने एक के बाद एक तीखे प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा के कथित कुछ छिछोरे नेता देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहूती देने वाले कांग्रेस के स्वर्गीय सर्वोच्च नेताओं पर, अपने राजनैतिक स्वार्थपूर्ति के लिए, अनर्गल व बेतुकी बयानबाजी करने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू ने अंग्रेजों की जेलों की यातनाएं झेल कर देश को आजाद करवाने में अहम भूमिका निभाई थी, जबकि पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता है।
बंबर ठाकुर ने कहा कि जिस भारत में गुलामी के कारण एक सुई तक नहीं बनती थी, उस भारत को कांग्रेस सरकारों ने तेजस जैसे जहाज व परमाणु बॉम्ब तैयार करने की क्षमता पैदा की और यही कारण है कि आज देश अपने पाँव पर खड़ा होकर विवश की एक विशाल शक्ति बन कर उभरा है। उन्होने कहा कि जिस महात्मा गांधी ने देश को अहिंसा के बल पर शांतिपूर्ण सत्याग्रहों के बल पर अंग्रेजी हकूमत से देश को मुक्त करवाया, उसके हत्यारे नाथू राम गोडसे को भाजपा के कुछ नेता देश भक्त बता कर देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने से भी गुरेज नहीं करते है। बंबर ठाकुर ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के इतिहास और संविधान को कमजोर करने वालों को किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी, चाहे उसके लिए उन्हें कोई भी बलिदान क्यूँ न देना पड़े।
