बिजली की समस्या से ग्रामीण परेशान, प्रशासन नहीं निकाल रहा कोई समाधान
दि विकासशील समिति नैना देवी गांव धोबटन (दाड़लाघाट) ने सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट को बिजली की बाधित आपूर्ति के बारे में एक पत्र लिखा है। गांव मंझेड, धोबटन, नौणी, सेरा के ग्रामवासियों ने पत्र के माध्यम से उनका ध्यान इन गांव में बिजली की समस्या पर दिलाया है। व कहा है कि यह समस्या बहुत समय से चली आ रही है। जिसमें कोई भी दिन ऐसा नहीं कि यहां बिजली नियमित रूप से रही हो और यदि मौसम खराब हो जाए तो रात के अंधेरे में ही समय निकालना पड़ता है। यदि गलती से बिजली आ भी जाए तो यह आंख मिचौली का खेल खेलती रहती है। जिस कारण बिजली के सभी उपकरण खराब हो रहे हैं व बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पढ़ रहा है।बिजली के उपकरणों से कोई भी काम नहीं हो पाता है। सभी ग्राम वासियों को इस बिजली की लुका चुप्पी की भयंकर समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। विभाग के संज्ञान में ग्रामीणों ने यह बात पहले भी रखी थी और फोन के माध्यम से कई बार बता चुके हैं।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से आग्रह किया कि इस समस्या की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र इस समस्या का समाधान करें।
जब इस बारे में विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता दाड़लाघाट सर्वज्ञ गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि आंधी तूफान के कारण लाइट चली गई होगी, लेकिन मौसम ठीक होने के बाद बिजली सप्लाई को दुरुस्त कर दिया गया। अगर फिर भी समस्या आ रही है तो जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
