हरविंद्र सिंह को सगे संबंधियों सहित कई लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
बीते दिनों मर्चेंट नेवी शिप पर हादसे में मौत के बाद प्रदेश के जिला बिलासपुर तहसील श्री नयना देवी जी केे गांव बैहल के नाविक 28 वर्षीय हरविंद्र सिंह को सगे संबंधियों सहित कई लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
वीआर मैरिटाइम के प्रबंध निदेशक एवं हिमाचली नाविक एसोसिएशन के संस्थापक सदस्य कैप्टन संजय पराशर ने बैहल गांव पहुंच शोकाकुल परिवार सदस्यों का ढांढस बंधाया। वहीं परिवार को अपने स्तर पर हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। कैप्टन संजय पराशर ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि परिवार सदस्यों को जो क्षति हरिवंद्र सिंह की मौत से हुई है वह कभी पूरी नहीं हो सकती।
उधर बैहल गांव के प्रधान राम कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक हरविंद्र सिंह की शादी नहीं हुई थी। इसके पिता करनैल सिंह यहां एक आंख की रोशनी नहीं है तो उनकी माता लकवे की मरीज है। परिवार में एक मात्र आर्थिक सहारे हरविंद्र की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट चुका है। नाविक हरविंद्र परिवार में अपने दो छोटे भाईयों सहित बहन से बड़ा था। पिछले दो वर्ष से हरविंद्र एक नाविक के तौर पर कार्यरत था। पांच जुलाई को उसने नए शिप पर ज्वाइन किया था। इसके बाद शिप पर हादसा हो गया था। जिस जहाज पर हादसा हुआ वह खराब था और उसे अन्य जहाज से टू.चेन करके बंदरगाह तक लाना पड़ा। दुखद मौत से परिवार की हिम्मत टूट चुकी थी तो शव आने में भी देरी हो रही थी जिस पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व विधायक रणधीर शर्मा सहित प्रशासन ने जहां मदद की वहीं वीआर मैरिटाइम के प्रबंध निदेशक कैप्टन संजय पराशर सहित स्टाफ ने भी पूरी सहायता की। हरविंद्र का अंतिम संस्कार कीरतपुर साहिब पातालपुरी में किया गया।
संजय पराशर करेंगे मदद
अंतराष्ट्रीय समुद्री संघ के अध्यक्ष एवं वीआर मैरिटाइम के प्रबंध निदेशक कैप्टन संजय पराशर ने परिवार का ढांढस बंधाते हुए कहा कि परिवार को अपनी ओर से पचास हजार रुपये बतौर आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। इस सहायता को स्वजनों को दो किश्तों में देंगे जबकि संबंधित हादसे के आगामी सहायता को लेकर हरविंद्र के स्वजनों की हर संभव मदद की जाएगी।
