रेड क्राॅस सोसाइटी मानव सेवा की भलाई के लिए निरन्तर कर रही कार्य
रेड क्राॅस सोसाइटी की स्थापना गरीब असहाय व जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए की गई है। मानवता के सहायतार्थ स्थापित जिला रेड क्राॅस सोसाइटी बिलासपुर वर्तमान में कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान भी लोगों की सहायता करने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दे रही है। जिला रेड क्राॅस सोसाइटी बिलासपुर द्वारा कोविड-19 के चलते लोगों की सहायता के लिए अनेक कार्य किए जा रहे है। सोसाइटी द्वारा डियारा सेक्टर को फूड गे्रन कैम्प बना कर नगर परिषद तथा आस पास की पंचायतों में रह रहे 815 प्रवासी लोगों को 26 मार्च से 20 अप्रैल तक 25 दिन के लिए लगभग 35 हजार 650 भोजन पैकेट उपलब्ध करवाए गए। वर्तमान में सोसाइटी द्वारा प्रवासी परिवारों को भोजन बनाने की व्यवस्था के लिए सूखा राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। जिला रेड क्राॅस सोसाइटी द्वारा कोरोना पाॅजिटिव और सहायता में लगे स्टाॅफ विशेष तौर पर डॉक्टर, सहायक मेडिकल स्टाॅफ, सफाई कर्मचारी तथा सुरक्षा व्यवस्था में कार्यरत कर्मियों के लिए आयुर्वेदिक अस्पताल में तीन समय भोजन की व्यवस्था की गई है। लाॅकडाऊन अवधि के दौरान रेड क्राॅस सोसाइटी द्वारा 41 मरीजों को ई.जी.एम.सी. शिमला तथा पी.जी.आई. चण्डीगढ़ छोड़ने के लिए एम्बुलैंस सेवा उपलब्ध करवाई गई। सोसाइटी द्वारा रेड क्राॅस से जुडे स्वयं सेवकों को आॅनलाईन बैब पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि स्वयं सेवक किसी भी प्रकार की आपदा के समय लोगों की सहायता करने में सक्षम बन सके। इसके अतिरिक्त जन सेवा में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों, पुलिस, सफाई कर्मचारियों तथा घरेलू गैस सिलेंडर पहुंचाने वाले लोगों को लगभग 3 हजार पानी की बोतलें उपलब्ध करवाई गई।
सोसाइटी द्वारा भोजन से जुडी किसी भी प्रकार की मांग को सम्बन्धित विभागों, सामाजिक संस्थाओं या व्यक्तियों के साथ तालमेल करके तुरंत पूरा करना सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि किसी भी व्यक्ति को भोजन सम्बन्धी परेशानी का सामना न करना पड़े। सोसाइटी द्वारा रैड क्राॅस स्वयं सेवकों के माध्यम से 35 लोगों को दवाईयों, एम्बुलैंस सेवा तथा स्वास्थ्य सहायक भी उपलब्ध करवाए जा रहे है। लाॅकडाऊन अवधि के दौरान सोसायटी द्वारा तीन रक्त दान शिविरों का आयोजन किया गया ताकि जरूरतमंद लोगों को तुरंत रक्त उपलब्ध करवाया जा सके इन शिविरों में 317 युनिट रक्त एकत्रित किया गया है। कर्फ्यू में ढील के दौरान सोसायटी के स्वयं सेवियों द्वारा प्रशासन के निर्देशानुसार विभिन्न स्थानों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा मास्क व सेनेटाईजर बांटे जा रहे है।
रेड क्राॅस सोसाइटी द्वारा कहलूर सेवा विकास संस्थान के सहयोग से नगर परिषद और आस पास की पंचायतों में जहां लोगों का अधिक आना जाना होता है उस जगह को निरन्तर सेनेटाईज किया जा रहा है। जिसमें सेनेटाईजर की व्यवस्था जिला रेड क्राॅस सोसाइटी द्वारा की जा रही है। जिला बिलासपुर में अकेले रह रहे वरिष्ट नागरिकों जिनके परिवारजन किसी कारणवश लाॅकडाउन की वजह से उनसे दूर है उनकी रेड क्राॅस सोसाइटी के वॉलंटियर्स द्वारा हर प्रकार से सहायता की जा रही है। सोसाइटी द्वारा लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने हेतु समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को जोड़ा जा रहा है। कोविड-19 के सम्बन्ध में लोगों को गीत, कविता, चित्रकला तथा नारा लेखन के माध्यम से भी जागरूक किया जा रहा है। विश्व रेड क्राॅस दिवस पर सोसाइटी द्वारा रक्त दान शिविर संगोष्ठी तथा व्हाट्सऐप के माध्यम से चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेड क्राॅस सोसाइटी बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने बताया कि कोरोना काल में जिला रेड क्राॅस सोसाइटी बिलासपुर द्वारा मानवता का कार्य करते हुए जरूरतमंद, गरीब लोगों की हर सम्भव सहायता की गई। उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में रेड क्राॅस सोसाइटी से जुड़कर मानव सेवा के इस पुण्य कार्य में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दें।
