धूम-धाम से मनाया गया भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ की जिला इकाई ने भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस बड़ी धूम-धाम से मनाया और इस अवसर पर उन्होने संघ का झण्डा फहरा कर जोरदार नारों के बीच संघ की गतिविधियों और कार्यकलापों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। जिला अध्यक्ष रणजीतसिंह ठाकुर ने कहा कि 23 जुलाई 1955 को इस संगठन की नींव दतोपंत ठेगड़ी द्वारा रखी गई थी, तब से लेकर अब तक यह संगठन मजदूरों और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होने बताया कि इस अवसर पर रुद्राक्ष के पौधो का रोपण भी किया गया और संकल्प लिया की पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी इस अभियान को जारी रखा जाएगा।उन्होने कहा कि भारतीय मजदूर संघ भारतीय संस्कृति व इसके इतिहास की रक्षा करने और समाज को जोड़ने तथा आपसी भाईचारा स्थापित करने का महत्वपूर्ण कार्य निरंतर जारी रखे हुए है, ताकि देश की एकता व अखंडता को अक्षुण रखा जा सके। उन्होने कहा कि यह संगठन देश का सबसे बड़ा संगठन है, जिसने मजदूरों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए उनसे होने वाले हर अन्याय को समाप्त करवाने और उन्हें न्याय दिलाने का काम किया है और यही कारण है कि इस समय देश भर में इस संगठन के करोड़ों सदस्य है।
इस अवसर पर मजदूर संघ के सदस्य व पदाधिकारी अमित कुमार, सुरजीतसिंह, राकेश ठाकुर, धर्मपाल, राकेश गुप्ता, सुशील कुमार, वासु देव, कमाल किशोर, मनोज कुमार, अमरनाथ, सरदार अमरजीत, विकास ठाकुर और सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।
