खंड स्वास्थ्य शिक्षक ने जनसंख्या वृद्धि से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में दी जानकारी
स्वास्थ्य खंड घुमारवीं के अंतर्गत गाँव भेल कुठेड़ा में खण्ड चिकित्सा अधिकारी घुमारवीं डॉ अभिनीत शर्मा के आदेशानुसार खंड स्वास्थ्य शिक्षक घुमारवीं सुरेश चन्देल की अध्यक्षता में जनसँख्या स्थिरता पखवाड़े में जागरूक शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिक्षक सुरेश चन्देल ने इस शिविर के माध्यम से लोगो को जनसंख्या वृद्धि से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जनसँख्या वृद्धि होने से गरीबी, बेरोजगारी को बढ़ावा मिल रहा है। चन्देल ने बताया कि लड़का लड़की एक समान है ऐसा कोई काम नही जो लड़का कर सकता है और लड़की नहीं कर सकती और जनसंख्या वृद्धि को रोकने के लिए हम दो हमारे एक का नारा देना चाहिए जिससे देश की जनसंख्या को नियंत्रण किया जा सके।
चन्देल ने शिविर में आए लोगो को परिवार नियोजन के स्थाई और अस्थाई साधनों के बारे में भी विस्तार से बताया व दम्पतियों को बच्चों के बीच मे अन्तर रखने के लिए अस्थाई साधन जिसमे निरोध, माला एन, छाया टेबलेट भी बांटी गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण करने के लिए पुरुषों को परिवार नियोजन का ऑपरेशन करवाने के लिए 1100 रुपये और महिला द्वारा ऑपरेशन करवाने पर 600 रुपये पोषण के लिए प्रोत्साहित राशी भी रखी है। चन्देल ने बताया कि यदि कोई दम्पति एक लड़की पर परिवार नियोजन का ऑपरेशन करवाता है तो सरकार इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना के अंतर्गत 35 हजार की एफ डी लड़की के नाम और यदि दो लड़कियों के बाद ऑपरेशन करवाए तो 25 हजार की राशि दोनों लड़कियों को दी जाती हैं। चन्देल ने शिविर में आए लोगो को आयुष्मान भारत, हिम केअर, सहारा योजना के बारे में भी बिस्तार से बताया और इन योजनाओ का लाभ उठाने की सलाह दी।
जागरूकता स्थिरता पखवाड़े में महिलाओं की भाषण प्रतियोगिता और नाटक प्रतियोगिता भी करवाई गई। भाषण प्रतियोगिता में किरण ठाकुर प्रथम स्थान, दीक्षा ठाकुर द्वितीय स्थान और ममता देवी तृतीय स्थान पर रही और स्वास्थ्य विभाग ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतियोगियों को नगद इनाम दिए।
