उपायुक्त से मिले आदर्श क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी बिलासपुर ब्रांच के निवेशक
आदर्श क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी बिलासपुर ब्रांच के निवेशकों का एक प्रतिनिधि मण्डल हिमाचल प्रदेश एस.सी.वैल्फेयर बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य दिनेश कुमार की अगुवाई में उपायुक्त बिलासपुर से मिला तथा उनके कार्यालय के माध्यम से केन्द्रीय को-आर्पोरेट एवं वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में मांग की गई कि हिमाचल में आदर्श क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी की तकरीबन 20 ब्रांचें काम कर रही थीं तथा जिला बिलासपुर की ब्रांच में करीब 10 हजार लोगों का करोड़ों रूपयों का निवेश एडवाईजरों के माध्यम से करवा रखा था। ज्ञापन में कहा गयया है कि संस्था दिसम्बर 2018 तक सुचारू रूप से कार्य कर रही थी पिछले 20 वर्षाें से ऐसा कभी नहीं हुआ कि संस्था द्वारा पूर्ण अवधि दावों का भुगतान समय पर न किया गया हो। संस्था में लिक्विडेटर हटाकर प्रशासक या नवीन बोर्ड की नियुक्ति कर निवेशकों का भुगतान करवाने की गुहार लगाई। सभी आदर्श क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी के एडवाईजर व कर्मचारियों ने संस्था को पूर्ण रूप से चालू कर निवेशकों की राशि का जल्द से जल्द भुगतान करवाने की गुहार लगाई। संस्था में अधिकतम गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों की राशि का निवेश है व इस समय सभी बहुत परेशानियों से गुजर रहे हैं व इस समय बहुत से लोगों के निवेश की राशि का भुगतान न होने के कारण अपना जीवनकाल समाप्त करने का प्रयास भी कर चुके हैं क्योंकि बहुत से लोगों ने अपने जीवनकाल की बची जमापूंजी का पैसा इसी संस्था में लगा दिया था जिससे उन्हें प्रति महीना पैंशन भी मिलती थी।
आदर्श क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी के एडवाईजर व कर्मचारियों ने संस्था पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को समाप्त कर संस्था को पूर्व की भांति सेवा और संचालन की अनुमति प्रदान करने की भी मांग रखी। इस मौके पर आदर्श क्रेडिट को-आपरेटिव सोसाइटी बिलासपुर के एडवाईजर देवेन्द्र सिंह, परवेज, सुन्दर राम सहगल, शौकत अली, आशा पुण्डीर, रीना, युद्धवीर सिंह, शैलजा गौतम, खेमराज, राकेश कुमार, देवराज बंसल, व कर्मचारी विक्रान्त वर्मा सहित अन्य 81 लोग मौजूद थे।
