विधानसभा क्षेत्र झंडूता में किए जा रहे अनेकों विकासात्मक कार्य : जे.आर. कटवाल
विधायक जीत राम कटवाल ने कहा कि घुमारवीं से शाहतलाई वाया बरठीं सड़क को एम डी आर के अंतर्गत स्वीकृति करवाई गई है। उन्होंने ग्राम पंचायत सुंहाणी, सुंहाणी, ठूहक, मन्नण, बरड़ में लोगों की समस्याओं को सुना अधिकांश समस्याओं को मौके पर हल किया गया। उन्होंने समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश विभिन्न विभागों अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विधान सभा क्षेत्र झंडूता को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए अनेकों विकासात्मक कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि विकास के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है ।उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र झंडूता में सड़कों के लिए राशि स्वीकृत करवाई जा रही है। उन्होंने इस क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 2 करोड़ 39 लाख रुपये से सुंहाणी से डून सड़क की अपग्रेडेशन के लिए स्वीकृति करवाये। इस सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस सड़क में नालियों, पुलियां, सड़क को चैड़ा व पक्का करने का कार्य प्रगति पर है। सुंहाणी बाजार से श्मशान घाट सड़क पर नालियां, पुलियों सड़क को पक्का करने की प्रशानिक स्वीकृति ली जा रही है। री रडोह पुल के लिए लगभग 7 करोड़ रु की स्वीकृति करवाई। इस पुल का शिलान्यास मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र किया जाएगा। सुंहाणी से डूहक वाया मोरथला सड़क का काम शीघ्र ही शुरू करवाया जायेगा।
उन्होंने ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र झंडूता को जल जीवन मिशन के तहत निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना से पेयजल की समस्या के समाधान में सहायता मिलेगी। जल जीवन मिशन के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र झंडूता में हर घर मे नल से माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 22 करोड़ 50 लाख रुपये से जल शक्ति विभाग के अनुभाग बरठीं की पेयजल योजनाओं तथा 4 करोड़ 71 लाख रुपये से उठाऊ पेयजल योजना बरठीं सरगल भाबा कोटला का सम्बर्धन किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक ने गांव डूहक में पेयजल की समस्या को हल करने के लिए पुरानी पेयजल की पाईपों को बदलने के लिए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए तथा डूहक गांव में 2 लाख 50 हजार रुपये से शेड बनाने की घोषणा की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोहिंद्र सिंह चन्देल, ग्राम पंचायत प्रधान कुसम लता, पूर्व बी डी सी वाइस चेयरमैन मंगल ठाकुर, एस डी ओ लोक निर्माण विभाग सुरजीत सिंह कैंथ, बी डी सी सदस्य पृथ्वी सिंह उपस्थित थे।
