अर्की विकास मंच ने दी आंदोलन करने की चेतावनी
अर्की विकास मंच की बैठक मंच के अध्यक्ष राकेश भारद्धाज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गृह कर का मुददा छाया रह। सदस्यों का कहना था कि नगर पंचायत की हाल ही में हुई बैठक में गृह कर के बारे में जो संशोधित प्रस्ताव पारित किया गया है वह उन्हें मान्य नहीं है। सदस्यों का कहना था कि ये संशोधन अर्की की जनता को स्वीकार्य नहीं है। नगर पंचायत द्वारा जो गृह कर अर्की की जनता पर थोंपा गया है वह नगर निगम शिमला की तर्ज पर है जो कि अर्की जैसी छोटे शहर की जनता के साथ अन्याय है।
सदस्यों ने मांग की कि पिछले गृह कर की राशि का केवल दस प्रतिशत ही बढ़ा गृह कर का बिल दिया जाए। साथ ही उनका कहना था कि यदि गृह कर के पुनर्निधारण के लिए एक सप्ताह के भीतर सब कमेटी नहीं बनाई जाती है तो अर्की विकास मंच अर्की की जनता के सहयोग से आंदोलन करने को मजबूर होगा। इसके लिए नगर के प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। यदि इस पर भी नगर पंचायत ने अपना निर्णय नहीं बदला तो हमें मजबूर होकर माननीय उच्च न्यायालय की शरण में जाना पड़ेगा। इस अवसर पर सोनू सोनी, केके भारद्धाज, प्रभा भारद्धाज, निशा गुप्ता, दीवान चंद, प्रेम कालिया, राजीव शर्मा, मेदराम ठाकुर, सदीकन भाटिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
