सरकार व प्रशासन की नाकामी की वजह से बढ़ रहे पंचायत में कोरोना के मामले : रत्न लाल
पूर्व प्रधान कोठीपुरा पंचायत रत्न लाल ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार, प्रशासन व कोठीपुरा पंचायत के प्रतिनिधियों की नाकामी की वजह से कोरोना के मामले उनकी पंचायत में आए दिन लगातार बढ़ते जा रहे है। उन्होंने कहा कि 24 जुलाई को ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि बाहरी राज्यों के लोग शाम को गांव की दुकानों में एकत्रित हो जाते हैं जिससे वँहा पर संक्रमण फैलने की आशंका है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार बाहरी राज्यों के मजदूरों को क्वारंटाइन किए बिना ही काम पर लगा देते है। इस बारे में उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व एसडीएम सदर से भी बातचीत की पर उनकी तरफ से भी कोई उपयुक्त जबाब नहीं मिल पाया। अगर प्रसााशन उनकी बात पर गौर फरमाता तो आज जिस तरह तेजी से मामले आ रहे है शायद न आते। उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधियों पर भी सवालिया निशाना उठाते हुए कहा है कि उनको स्थानीय जनता की जान ओर माल की कोई परवाह नही है।
रत्न लाल ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि संक्रमण से स्थानीय लोगो को बचाने के लिए उचित कार्यवाही अमल में लाए और बाहरी राज्यों से आ रहे मजदूरों को काम पर लगाने से पहले क्वारंटाइन किया जाए और जो ठेकेदार सरकार के आदेशों का पालन न करे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, साथ में स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि निकट भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो सके। अन्यथा ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा और उस आंदोलन की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन व सरकार की होगी।
