पूरे जोर शोर से हो रहा देश मे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हनन : जिला कांग्रेस
देश में लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हनन पूरे जोर शोर से हो रहा है। यह वक्तव्य जिला कांग्रेस अध्यक्षा अंजना धीमान व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोपाल कृष्ण शर्मा, राजेन्द्र ठाकुर, तेजस्वी शर्मा, हेम राज ठाकुर व संदीप सांख्यान ने दिया। इन्होंने केंद्र की सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जिस संविधान पर देश टिका रहता है उस संविधान की धज्जियां आज सरेआम उड़ाई जा रही है। केंद्र सरकार ने सारे स्वायत्त संस्थाओं की मर्यादा तार तार कर दी है।
इन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र की सरकार राजस्थान में लोकतांत्रिक मूल्यों से खिलवाड़ कर रही है उसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। इस संयुक्त वक्तव्य में इन्होंने कहा कि चाहे कर्नाटक की सरकार हो, चाहे गोवा की सरकार हो या फिर मध्यप्रदेश की सरकार हो या फिर देश के उत्तरी पूर्वी राज्यों की सरकारें हो हर जगह केंद्र की सरकार छल-कपट से अपना वर्चस्व बनाने की जुगत में लगी रहती है और देश मे एक काला अध्याय लिखती रहती है जो कि अति दुर्भाग्यपूर्ण है जिस तरह की राजनीति केंद्र की सरकार बंगाल पर झारखंड में अपनाने जा रही है वह पहले से ही सवालों के घेरे में आ चुकी है। देश की आजादी के बाद यह पहली ऐसी केंद्र सरकार है जिसमे सत्ता हथियाने में सारी मर्यादायें तोड़ दी हैं और राजनीति में सबसे ज्यादा पैसे के लेन देन का दौर आरम्भ कर दिया है।
इन्होने कहा कि केंद्र की सरकार को अगर किसी राज्य में अगर जनमत नहीं मिलता है तो वहां यह पैसे का सहारा ले लेती है। इस तरह की राजनीति भाजपा को कुछ समय तक तो वाहवाही लूटने के लिए तो ठीक होगी पर आने वाले देश की नई राजनैतिक पीढ़ी के लिए कोई अच्छा मार्ग नहीं दिखा पाएगी अपितु इस तरह की राजनीति से देश में भ्र्ष्टाचार के नए रिकॉर्ड पेश किए जा रहें है। इन्होंने कहा कि हैरानी की बात तो तब होती है कि जब देश के सर्वोच्च पद पर बैठे लोग भी मूक दर्शक बन कर तमाशबीन बन गए है। कुछ भी हो यह देश विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और ऐसे में लोकतंत्र के संवैधानिक मूल्यों से छेड़छाड़ करना कभी भी बर्दाश्त नही किया जा सकता।
