मुख्यमंत्री का काँग्रेस पर वार, कहा अभी हम सुन रहे हैं जब बोलेंगे तो सड़क पर चलना मुश्किल होगा
भाजपा में लंबे समय से अध्यक्ष पद को लेकर मची उथल पुथल के बाद आखिरकार नवनियुक्त भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पार्टी की कमान संभाल ली है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, डॉ. राजीव बिंदल और अन्य नेताओं की मौजूदगी में सुरेश कश्यप ने पदभार ग्रहण कर लिया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी में अनुसूचित जाति से पहली बार अध्यक्ष बना है। सुरेश कश्यप पूर्व सैनिक है मेहनती नेता है निश्चित रूप से ये पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल के जबाब में मुख्यमंत्री ने संकेत दे दिए कि जल्द ही प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा और ये कभी भी किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में फिर से लॉक डाउन लगाने के सवाल के जवाब में कहा कि पिछले कुछ समय से प्रदेश में कोरोना के मरीज बढ़ रहे है इसलिए इसे रोकने के लिए जहां सख्ती करने की आवश्यकता होगी वहां और सख्ती की जाएगी। परन्तु पूरे प्रदेश में लोकडाउन लगाना व्यवहारिक नही होगा। देश मे अनलॉक 3 शुरू होने वाला है केंद्र के जो भी निर्देश होंगे उन्हें प्रदेश में भी लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कोरोना को लेकर विपक्ष के द्वारा की जा रही बयानबाजी पर व्यंग्य करते हुए कहा कि वो हमें ऐसे समझा रहे हैं जैसे उनकी कई पुस्ते कोरोना के खिलाफ लड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सोशल डिस्टेनसिंग की अनुपालना नही कर रही है और अनापशनाप बयानबाजी कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हम सिर्फ सुन रहे हैं जब बोलेंगे तो सड़क पर चलना मुश्किल होगा।
प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी कोरोना के मामले निरन्तर बढ़ रहे हैं ऐसे में किसी भी प्रदेश ने मानसून सत्र नही बुलाया है और लोकसभा का सत्र भी अभी फिलहाल नही हो रहा है। कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद सितम्बर माह तक इस पर विचार किया जा सकता है।