बार बार अवगत करवाने पर भी नहीं मिल रहा समस्या से निजात, ग्रामीणों में रोष व्याप्त
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के वार्ड खाता के गांव बागा में पानी की समस्या को लेकर दाड़लाघाट ग्राम पंचायत सुधार सभा व स्थानीय लोगों ने जल शक्ति विभाग से गांव में चल रही समस्या से निजात पाने की मांग की है। विभाग के अधिकारियों से गांव बागा में पीने के पानी की दिक्कत बारे समय समय पर अवगत कराने के बाद भी गांव की समस्या पर सुध नही लिया जा रहा है।
दाड़लाघाट ग्राम पंचायत सुधार सभा के महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि गांव के लिए जल शक्ति विभाग के आईपीएच सब उपमंडल दाड़लाघाट के द्वारा पीने के पानी की सप्लाई मुहैया एक हैंड पंप के द्वारा तो दूसरी 50 वर्ष पुरानी सप्लाई दाती गांव से अन्य गांव को संचालित की जाती है, पर इसी गांव की सप्लाई 6 माह से बन्द पड़ी है, जिसके लिए ग्राम वासियों ने कई बार सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता व तकनीकी कर्मचारियों से भी आग्रह किया, जिसमे आश्वासन दिया गया कि 15 जून के बाद सप्लाई चालू की जाएगी। इसके साथ ही एसडीओ द्वारा दो तीन बार अखबारों में खबर प्रकाशित होने के दौरान ब्यान दिया कि सप्लाई चालू की जाएगी तथा अम्बुजा के साथ लगते गांव को नवगांव स्कीम से पीने के पानी मुहैया करवाया जाएगा।
प्रेम केशव ने कहा कि सहायक अभियंता कनिष्ठ अभियंता को हैंड पंप सप्लाई की अनिमितताओं जिसमे बिजली बोर्ड के कटों तथा एचटी व एलटी लाइन की मरम्मत के कारण हैंड पंप से सप्लाई बाधित होती है, परन्तु विभाग आज भी इस महामारी के बीच लोगों के सहयोग के लिए कतई अनसुना है। स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया है गांव में पानी की हो रही समस्या को जल्द से जल्द ठीक किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जब इस बारे जल शक्ति विभाग के एसडीओ महेश शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बिजली की वजह से सप्लाई बाधित हो रही है, बाकी पानी की सप्लाई समय पर दी जा रही है। वही नवगांव स्कीम के तहत पानी मुहैया करवाने के लिए टेक्निकल एस्टीमेट के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि गांव में हो रही समस्या का निपटारा जल्द करके लोगों को पानी उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
