महंगा पड़ा शराब के नशे में हुड़दंग मचाना
शराब के नशे में धुत होकर आधी रात हुड़दंग मचाना एक युवक को महंगा पड़ गया। हुड़दंग से दुखी घर वाले आखिर कब तक सब्र करते। बेटे के जुल्मो-सितम से दुखी घर वालों ने आखिर उसे हवालात की सैर करवा ही दी।
मामला दाड़लाघाट थाना के अंतर्गत आने वाले गांव जटोत (नवगांव) का है। मंगलवार रात एक युवक अमर चंद सुपुत्र लेखराम शराब पीकर हुड़दंग मचाता रहा। उसके शोर-शराबे की वजह से परेशान होकर व इससे दुखी अमर चंद के घर वालों ने थाना दाड़लाघाट फोन किया। पुलिस की एक टीम अन्वेषण अधिकारी नरेंद्र कुमार की अगुवाई पर मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया जहां पूरी रात उसे हवालात में गुजारनी पड़ी। आरोपी का मेडिकल भी करवा लिया गया है।
पुष्टि करते हुए एचएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने बताया कि बुधवार को अमर चंद को जमानत याचिका पर रिहा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि आगे भी इस तरह से हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी।
