जयराम का बिलासपुर को तोहफा, घुमारवीं से विधायक मंत्रिमंडल में शामिल
प्रदेश की जयराम सरकार ने बिलासपुर जिले को एक बड़ा तोहफा दिया है। घुमारवीं से विधायक राजेंद्र गर्ग को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। घुमारवीं को लंबे समय के बाद झंडी मिली है जिससे क्षेत्र वासियों में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है।
हिमाचल प्रदेश सरकार में शामिल होने वाले ने मंत्री राजेंद्र गर्ग 2017 में बिलासपुर जिले के घुमारवीं क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं। उन्हें भाजपा के नेशनल अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा का भी करीबी माना जाता है। 30 मई 1966 को बिलासपुर जिले के ठंडोड़ा गांव में सुंदरी देवी और बलदेव सिंह के घर पर उनका जन्म हुआ। आरंभिक शिक्षा बिलासपुर में प्राप्त करने के पश्चात उन्होंने हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी और ग्वालियर मध्य प्रदेश की जीवाजी यूनिवर्सिटी में शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने वहां से वनस्पति विज्ञान में एमएससी की डिग्री हासिल की। आरएसएस से जुड़े होने के साथ-साथ उन्होंने 1983 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ज्वाइन की और 1986-87 में बिलासपुर जिला के संयोजक रहे। उसके पश्चात यह राज्य कार्यकारिणी में सचिव रहे और पूर्णकालिक संगठन सचिव की सेवाएं इन्होंने मध्यप्रदेश में दीं। जहां इन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कार्य 90 से 97 तक किया। बिलासपुर जिले के घुमारवीं से इन्होंने दैनिक भास्कर के संवाददाता के रूप में भी कार्य किया। 2006 से 2010 तक यह भाजपा प्रशिक्षण सेल के संयोजक रहे और इसी कार्यकाल में ही स्कूल शिक्षा बोर्ड के सदस्य चुने गए इसके अलावा हिमाचल प्रदेश टेक्निकल एजुकेशन बोर्ड के सदस्य होने के साथ भाजपा के राष्ट्रीय दल के सदस्य भी रहे। 2017 में यह विधानसभा के लिए घुमारवीं से विधायक चुने गए।
राजेंद्र गर्ग समाज सेवा में अधिक रुचि रखते हैं। इसके अलावा इनको कबड्डी खेलना पसंद है।
