पुलिस के हत्थे चढ़ा बड़ा नशा सप्लायर, नशे की भारी मात्रा व नकदी की जब्त
बिलासपुर पुलिस द्वारा अवैध नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में बुधवार को बरमाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है । बरमाना पुलिस ने नशे के एक बड़े सप्लायर को नशे की भारी मात्रा के साथ गिरफ्तार किया है। बरमाना थाना की टीम एएसआई प्रभाकर की अगवाई में मुख्य आरक्षी संजीव पुंडीर व आरक्षी रविन्द्र गश्त पर थे। यह टीम गश्त पर सल्णु की तरफ जा रही थी इस दौरान जब यह टीम जामला के पास पहुंची तो इन्होने एक कार नंबर एचपी 24 ए 9750 आई जिसे पुलिस ने चेकिग के लिए रोकने का इशारा किया परन्तु कार चालक ने कार को रोकने के बजाए कार को भगा दिया जिस पर पुलिस को इस पर शक हुआ और उन्होंने इस कार का पीछा किया और थोड़े आगे जाकर इस कार को पकड लिया। जब इस कार के चालक से कार भगाने का कारण पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नही दे सका जिस पर पुलिस को इस व्यक्ति पर शक हुआ और उन्होंने इसकी कार की तलाशी ली।
कार की तलाशी लेने पर कार के अन्दर से चालाक सीट के उपर लगे प्लास्टिक से क्लोविडाल 100 नशीली दवाई के दस पत्ते बरामद हुए। एक पत्ते में दस गोलिया थी और पुलिस को कुल 100 गोलियां बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार के डैशबोर्ड को चेक किया तो वहा से एक लिफाफा बरामद हुआ जिसके अंदर से नोट बरामद हुए जब पुलिस ने इन नोटों की गिनती की तो 131500 रु नगदी निकली। इसके बाद कार की डिक्की को चेक किया तो कार की डिक्की में एक होल था जिसके अन्दर से पुलिस को 19 पुडिया अफीम बरामद हुई। जब इस अफीम का वजन किया गया तो यह 102.05 ग्राम निकली। आरोपी व्यक्ति की शिनाख्त प्रवीन कुमार पुत्र दौलत राम उम्र 37 वर्ष गाँव सलणु तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करके एनडीपीएस की धारा 18 व 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी की कार को भी कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि आरोपी व्यक्ति इससे पूर्व भी अवैध नशे के साथ पकड़ा जा चुका है और बरमाना क्षेत्र में नशे का मेन सप्लायर था। इस व्यक्ति के पिता को भी एसआईयु की टीम ने नशे के साथ गिरफ्तार किया था।
