खाद्य मंत्री राजेन्द्र गर्ग का घुमारवीं के लोगों ने किया जोरदार स्वागत
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने मंत्री बनने के उपरांत अपने विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं की बटेड घटवाड़, घंडालवीं, लदरौर, बरोटा, डंगार तथा घुमारवीं पंचायतों का दौरा किया तथा लोगों का धन्यवाद किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने भी मंत्री का फूल मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में लोगों की आवश्यकता अनुसार विकास कार्य किए जाएंगे और इस विधान सभा क्षेत्र में पहले से चल रहे विकास कार्यों में और तेजी लाई जाएगी ताकि लोगों को शीघ्र अति शीघ्र इन कार्यों का लाभ प्राप्त हो सके।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेंद्र गर्ग ने जिला बिलासपुर के दौरे के दूसरे दिन नागरिक अस्पताल घुमारवीं पुलिस स्टेशन घुमारवीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दधोल पुलिस स्टेशन तथा नागरिक अस्पताल भराड़ी में कोरोना वॉरियर्स के साथ रक्षाबंधन मनाया। उन्होंने कोरोना वॉरियर्स को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी तथा राष्ट्रीय कोरोना आपदा के समय स्वास्थ्य तथा पुलिस विभाग व अन्य विभागों के कर्मचारियों द्वारा निस्वार्थ भाव के साथ दी जा रही सेवाओं की प्रशंसा कर उनका मनोबल बढ़ाया। राजेंद्र गर्ग 4 अगस्त 2020 को पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से पालमपुर में तथा प्रेम कुमार धूमल से समीरपुर में मिलेगें तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
