जल्द ही रिलीज होगा 'उचिया धारा भोला बसया' शिव भजन
सावन माह में शिव शंकर महाराज को समर्पित भजन उचिया धारा भोला बसया जल्द ही रिलीज होगा। पिछले दो दिनों तक बिलासपुर की विभिन्न जगहों पर इस भजन को शूट किया गया। इस भजन को बिलासपुर के भजन गायक अभिषेक सोनी व युवा गायक निशांत कपूर ने गाया है, जबकि भजन का संगीत प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर परमजीत पम्मी ने तैयार किया है। निशांत कपूर द्वारा लिखे इस भजन के वीडियो का निर्देशन युवा डायरेक्टर अभिषेक डोगरा ने किया है। इस भजन में रंगकर्मी जावेद इकबाल महत्वपूर्ण किरदार निभाते हुए नजर आएंगे जबकि, ईशान गौतम, राघव शर्मा, रजत शर्मा, अखिल निर्मोही, महेश बंसल व पंकज सहयोगी कलाकार के रूप में दिखेंगे। वहीं, आकाश वर्मा डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी (डीओपी) के रूप में कार्य किया है।
निर्देशक अभिषेक डोगरा ने बताया कि हिमाचली लोक संगीत के साथ तैयार किए गए इस भजन को बंदला धार, बहादुरपुर धार, सिहड़ा, अमरनाथ मंदिर (चंगर सेक्टर) सहित विभिन्न जगहों पर शूट किया गया है। इस भजन में धार्मिक स्थल मणिमहेश, किन्नर कैलाश व श्रीखंड महादेव की यात्रा की झलक दिखेगा जिसके लिए पूरी टीम ने काफी मेहनत की है। भजन की वीडियो के माध्यम से बिलासपुर की खूबसूरती भी दर्शकों को देखने के लिए मिलेगी। बताते चलें कि बिलासपुर के भजन गायक अभिषेक सोनी इससे पहले सांवरा, उडय़ा देया पंछिया, माता रानी तू है बड़ी प्यारी और फकीरी आदि भजन रिलीज कर चुके हैं। इन सभी भजनों की शूटिंग बिलासपुर में ही हुई है।
