कंडाघाट में आया कोरोना संक्रमण का मामला, नौ दुकानों व बेसन के स्टोर सहित आंगनबाड़ी सेंटर सील
कंडाघाट में कोरोना पॉज़िटिव का मामला सामने आया है जिसके चलते सोमवार को स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरे कंडाघाट बाजार को बंद करवाकर सेनेटाइज करवाया गया। एसडीएम डा. संजीव धीमान ने दुकानदारों को आगामी आदेशों तक होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश जारी कर दिए है जिसके पश्चात कंडाघाट की दुकानों एवं आंगनबाड़ी को भी सील कर दिया गया है।
बताया जा रहा है की कंडाघाट बाजार में मिठाई की दुकान में काम करने वाले नौकर के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरे कंडाघाट बाजार को बंद करवाकर सेनेटाइज करवाया गया, साथ ही जिस बिल्डिंग में वह व्यक्ति रहता था उसे भी पूरी तरह से सेनेटाइज किया गया। बाजार में सेनेटाइजर के छिड़काव का कार्य एसडीएम कंडाघाट की देखरेख में करवाया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी कंडाघाट ब्रिज लाल, नायब तहसीलदार सत्य देव शर्मा उपस्थित रहे।
बाजार में सेनेटाइजेशन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। सेनेटाइजेशन के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा सोलन से अग्निशमन से वाहन मंगवाए गए थे। स्थानीय प्रशासन द्वारा सोमवार को नौ दुकानों जिनमें उक्त व्यक्ति सामान लेने गया था जिसमें किराना, दूध, राखी की दुकान, मिठाई की दुकान, राशन की दुकान, सब्जी की दुकान शामिल हैं उन दुकानों को सील किया गया, साथ ही उक्त व्यक्ति जो पॉजिटिव निकला उस बिल्डिंग में बेसन के दुकानदार द्वारा स्टोर बनाया गया था। उस बिल्डिंग को व आंगनबाड़ी सेंटर कंडाघाट को भी सील कर दिया गया है। एसडीएम डा. संजीव धीमान ने इन दुकानदारों को आगामी आदेशों तक होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश जारी कर दिए है।
