कोविड महामारी के तहत बिलासपुर में प्रशासन ने किया बेहतर कार्य : अनुराग ठाकुर
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केन्द्रीय वित्त एवं काॅरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के चलते हुए जिला प्रशासन के प्रयासों से लोगों को किसी भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सम्बन्धित विभागों के तालमेल से लोगों को बेहतरीन सुविधा प्रदान की जिसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना के तहत लोगों के स्वास्थ्य सुधार के लिए करोड़ों रुपये व्यय कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए की आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को यह भी निर्देश दिए की टी०बी मुक्त बिलासपुर बनाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करें तथा उस पर कार्य करें ताकि 2021 तक टी०बी मुक्त लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिला में कोरोना से निपटने के लिए 17 वैंटीलेटर और 1700 पी.पी.ई. किट उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अब तक जिला में जितने भी कोविड-19 के पाॅजिटिव मामले पाए गए है वो सभी बाहर के राज्यों से बिलासपुर आए थे। उन्होंने बताया कि जिला में 61 हेल्थ वेलनेस सैंटर सरकार द्वारा स्वीकृत किए गए है जिनमें से 44 बनकर तैयार हो चुके है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वे हेल्थ वेलनेस सैंटर का सर्वे करें और लोगों को जागरूक भी करें ताकि अधिक से अधिक लोग हेल्थ वेलनेस सैंटर का लाभ उठा सके। उन्होंने बताया कि जिला में दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत शतप्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने सदर बिलासपुर तथा घुमारवीं में केन्द्रीय विद्यालयों की वस्तुतः स्थिति भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत कोठी गांव में विकास/सुधार के लिए जितनी भी योजनाएं स्वीकृत हुई है उन योजनाओं पर शीघ्र कार्य ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विकास कार्यों को पूरा करने के लिए एक समयसीमा तय करें। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को गम्भीरता से ले क्योंकि प्रधानमंत्री स्वयं इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते है। उन्होंने निर्देश दिए की 31 अक्तूबर तक किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने डीआरडीए को निर्देश दिए कि वे राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एन० आर० एल० एम के तहत जिला में बेहतरीन कार्य करने वाले 40 स्वयं सहायता समूहों को चयनित करें तथा उनके साथ वीडियो काॅन्फ्रेंस करवाएं ताकि वे एक रोल माॅडल के रूप में लोगों के सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि जो स्वयं सहायता समूह अच्छा कार्य कर रहे है उन्हें बैंकों से लिंक करें ताकि वे अधिक से अधिक आय अर्जित कर सके। बैठक में कल्याण विभाग, राजस्व, नगर परिषद, लोक निर्माण, खनन, उद्योग, पंचायती राज, बागवानी और अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर विधायक सदर सुभाष ठाकुर ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने बैठक का संचालन किया और आश्वस्त किया कि दिए गए सभी दिशा निर्देशों की निर्धारित समय में अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर राकेश चोपड़ा, एडीएम विनय धीमान, सीएमओ डाॅ. प्रकाश दरोच, के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
