श्री राम के नाम में रंगा रहा कुनिहार जनपद
अयोध्या में श्री राम मन्दिर के शिलान्यास के दिन जंहा पूरा देश श्री राम के जयकारों से गूंजता रहा व जगह जगह राम के भक्तों ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर प्रभु श्री राम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की तो वन्ही कुनिहार जनपद में भी श्री राम भक्तों ने सुबह जंहा पूरे कुनिहार क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाल कर श्री राम का गुणगान व हनुमान चालीसा का पाठ किया। वन्ही विश्व कर्मा मार्किट कुनिहार द्वारा लगभग एक किवंटल लड्डू पूरे बाजार में बांटे गए। इसी तरह रिंवी गाँव के समाज सेवी मोहन लाल भारद्वाज के नेतृत्व में सभी ग्राम वासियों ने 15 किलो मोतीचूर के लड्डू पूरे गाँव मे घर घर जाकर बांटे व इस ऐतिहासिक दिन की सभी को बधाई दी। कुनिहार के न्यू बस स्टैंड पर व्यापारियों ने शुद्ध देसी घी का हलवा बनाकर सभी मे वितरित किया व बाज़ार में इस ऐतेहासिक दिवस पर पटाखे फोड़ कर खुशी का इजहार किया। क्षेत्र के लोगों ने अपने सारे कामकाज छोड़कर शिलान्यास कार्यक्रम को लाइव देखा व इस क्षण के साक्षी बने।
1990 में कारसेवा में गए कुनिहार के कार सेवक देवेन्द्र कुमार शर्मा ने विशेष बातचीत में बताया कि 1990 में देश के लाखों कार सेवकों में कुनिहार क्षेत्र से स्व वेद प्रकाश शर्मा की अगुवाई में स्व धर्म पाल अरोड़ा, स्व अशोक कुमार, हीरा दास, सावित्री, उषा शर्मा, देवेंद्र पाठक, हरिकृष्ण भारद्वाज आदि कार सेवकों के रूप में अयोध्या पहुँचकर श्री राम मन्दिर की लड़ाई में अपनी भागीदारी दी थी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्व०वेद प्रकाश शर्मा ने तो इस दौरान कार सेवको का नेतृत्व करते हुए गोली तक अपने जिस्म पर खाई थी लंबे अरसे की प्रतीक्षा के बाद प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अयोध्या में राम मंदिर भूमी पूजन के साथ ही राम लला के भव्य मंदिर के सपने को साकार रूप मिलने के साथ ही करोड़ो राम भक्तों सहित इस अभियान में बलिदान देने वाले कार सेवको का सपना साकार हुआ है।
