युवक के कोरोना पॉजिटिव आने से क्षेत्र में दहशत
- 24 घंटे बीत जाने के बाबजूद भी गाँव में नही पहुंचा कोई कर्मचारी
बिलासपुर के कोठीपुरा क्षेत्र में निर्माणाधीन एम्स अस्पताल में कार्यरत कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद ब्रहमपुखर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मंगलवार को आईजीएमसी शिमला से आई कॉविड 19 सैम्पल की रिपोर्ट में एम्स के 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इन 14 लोगो में से 13 लोग बाहरी राज्य के मजदूर हैं जो सभी एम्स साईट पर क्वारंटाइन थे परन्तु एक व्यक्ति जो एम्स अस्पताल में सुरक्षा कर्मी के रूप में तैनात था वह बिलासपुर जिला से संबधित है और रोजाना यह व्यक्ति एम्स से अपनी ड्यूटी करके अपने घर आता था और घर से रोजाना एम्स में ड्यूटी करने के लिए जाता था। यह व्यक्ति क्वारंटाइन नहीं हुआ था जबकि सरकार के आदेशानुसार इसे साईट पर ही क्वारंटाइन होना था।
मंगलवार शाम को जब इस व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई उस समय भी यह व्यक्ति अपने घर पर था बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति का मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश था। इस व्यक्ति को इसके कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना मिली जिसके बाद यह अपने घर से एम्स साईट पर चला गया जहां से इसे प्रशासन ने कॉविड केयर सेण्टर में शिफ्ट किया। गौरतलब है कि मंगलवार शाम को करीब साढ़े चार बजे इसके कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना आ गई थी परन्तु बुधवार शाम तक 24 घंटे का समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इस क्षेत्र में कोई भी टीम नही पहुंची थी। क्या प्रशासन के पास इस व्यक्ति के बारे में जानकारी नही थी कि यह व्यक्ति अपने घर में रह रहा है या फिर इस बारे में एम्स प्रशासन ने जिला प्रशासन को इस व्यक्ति की ट्रेवल हिस्ट्री नही बताई। जबकि स्थानीय लोगो का कहना है कि यह ब्रह्म्पुखर चौक में घूमा है और कई दुकानों में भी गया है इसके अलावा एक दिन पूर्व ही यह युवक जुखाला की तरफ भी गया था वहां भी इसने लोकमित्र केंद्र में अपना पैन कार्ड बनवाया इसके अलावा भी यह बाजार में घूमा है।
जब कोई भी कर्मचारी यहाँ नही पहुंचा तो स्थानीय लोगो ने इसकी शिकायत एसडीएम सदर से की परन्तु शिकायत करने के बाबजूद भी इस क्षेत्र में कोई कर्मचारी नही पहुंचा जिस बात को लेकर लोगो में भारी रोष है। स्थानीय लोगो का कहना है कि कोरोना महामारी के चलते सरकार ने जो दिशा निर्देश जारी किए है उस हिसाब से तो प्रशासन को इस क्षेत्र में फौरन पहुँच जाना चाहिए था, परन्तु शिकायत करने के बाबजूद भी प्रशासन की तरफ से कोई कार्यवाही अमल में नही लाइ जा रही है जोकि बहुत गलत है। उन्होंने कहा कि इस व्यक्ति के परिवार वाले समाज में खुले घूम रहे है जिससे आगे कोरोना फैलने का ख़तरा बना हुआ है। प्रशासन को चाहिए था कि इस क्षेत्र में आकर जो जो व्यक्ति इसके संपर्क में आये है उन्हें क्वारंटाइन करते और मार्किट को भी सील करते ताकि यह आगे न फैलता।
टीम को आदेश कर दिए है जल्द ही इस क्षेत्र में टीम पहुँच जाएगी और इस व्यक्ति के संपर्क में जो जो व्यक्ति आये है उनका आंकडा तैयार करके उन सभी को होम क्वारटाईन कर दिया जाए। 6 दिन बाद इन सभी क्वारटाईन किए गये लोगो की सैम्पलिंग की जाएगी। यदि आवश्यक हुआ तो इस स्थान पर बफर और कन्टेनमेंट जोन भी बनाए जायेंगे।
-डा श्याम वर्मा
खंड चिकित्सा अधिकारी मारकंड
ऐसा कुछ उनके ध्यान में नही है फिर भी वह स्वास्थ्य विभाग को इस बारे में आदेश कर रहे है कि इस क्षेत्र में जाकर पूरी जानकारी जुटाए और नियम अनुसार वहा कार्यवाही करे।
-राजेश्वर गोयल
उपायुक्त बिलासपुर
