जल जीवन मिशन के तहत देश की भोली-भाली जनता को ठग रही सरकार : आशीष ठाकुर
सदर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता एवं प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस आशीष ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार लोगों को ठगने पर उतारू हो चुकी है उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हिमाचल प्रदेश की भोली भाली जनता को ठगा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के कर्मचारी गांव-गांव जाकर जिन लोगो के घरों में पुराने नल लगे हुए है उनसे 100 रुपये सिक्योरिटी के नाम पर एकत्रित कर रहे है जोकि सरासर गलत है। आशीष ठाकुर ने कहा कि त्युंन सरयून धार की पंचायतों में रोजाना लोगो को नलों के माध्यम से पानी मुहैया नही हो रहा है लोगो के नलों में तीसरे दिन पानी आ रहा है और प्रदेश सरकार उनसे पानी के बिल की मांग कर रही है जोकि सरासर सरकार का गलत निर्णय है।
युवा नेता ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मांग की है कि अगर सरकार लोगों से पानी के बिल का भुगतान चाहती है तो रोजाना दो बार नलों में पानी आये साथ में जिन लोगो के घरों में पुराने नल लगे हुए है उनसे 100 रुपये की राशि एकत्रित नहीं की जाए और जिन लोगो से राशि एकत्रित कर ली गई है उस राशि को लोगो को वापिस किया जाए।
