विधायक सुभाष ठाकुर ने किया विभिन्न विकासकार्यों का शिलान्यास
प्रदेश सरकार लोगों के सहयोग से हर क्षेत्र में निरंतर विकास के लिए प्रयासरत है। सदर बिलासपुर में सड़कों के लिए समग्र बजट प्रावधान से विभिन्न सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। यह जानकारी विधायक सदर सुभाष ठाकुर ने लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली लगभग 4 किलोमीटर सड़क के शिलान्यास के अवसर पर दी। उन्होंने पंजगईं गांव में कमरा व जीम प्रदान करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पंजगाईं के लोगों का एक लम्बे इंतजार के बाद सड़क का सपना पूरा हुआ है। सड़क के निर्माण के लिए टैंडर पारित कर निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने विभाग से निर्माण कार्यों में अच्छी गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले लोगों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण नाबार्ड के अंतर्गत किया जाएगा तथा इससे पंजगाईं, गुगाघाट व टिक्करी गांव के लोग लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरलोग से त्रिफलाघाट तक 11.50 करोड़ की लागत से, कन्दरौर, सरनु, बरमाणा सड़क पर 9.5 करोड़ रुपये तथा फटा से मोरसिंघी तक 11.5 करोड़ रुपये की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर, बंदला, ब्रहमपुखर सड़क के लिए 20 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र ही स्वीकृत कर दी जाएगी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा कन्या विवाह सदन की मांग पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत में लोग 35 लाख रुपये की लागत से 2 बीघा क्षेत्र में एक निश्चत नकशे के अनुसार प्रदेश सरकार द्वारा लोक भवन विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है जिसके लिए वह प्रयासरत है। सदर के विकास के लिए जिला खनिज कोष के पैसे को क्षेत्र की पंचायतों के विकास पर ही खर्च किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों की तैनाती कर दी गई है जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। उन्होंने बताया कि कोविड-19 जैसी महामारी से बचाव के लिए हमेशा सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों का पालन करना चाहिए अपने हाथों को हमेशा साबुन, पानी से अच्छी तरह धोएं या अल्कोहल युक्त सेनेटाइजर का उपयोग करें।
इसके उपरांत विधायक सुभाष ठाकुर ने लगभग 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित की जाने वाली कन्नौन-घोन कोठी सड़क का शिलान्यास भी किया तथा लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अनेक समस्याओं के निपटारे हेतु मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस अवसर पर एपीएमसी एवं भाजपा मण्डल अध्यक्ष हंस राज ठाकुर, भाजपा मण्डल महामंत्री पवन ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों, प्रधान ग्राम पंचायत पंजगाईं सुशील शर्मा, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष विनोद ठाकुर, युवा मोर्चा सह प्रवक्ता राकेश ठाकुर, बूथ अध्यक्ष विक्रांत ठाकुर, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग वी.एन. पराशर तथा गांव के लोग भी उपस्थित थे।
