सुकुमार सिंह ने किया समभाव राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यालय का उद्घाटन
राष्ट्रीय मंच के सभी वर्गों को साथ लेकर देश की उन्नति व तरक्की के लिए कार्य कर रहा है। हमें अपने सांप्रदायिक जातीय भेदभाव को खत्म कर समाज के तरक्की के लिए हमेशा कटिबद्ध रहना चाहिए। यह बात बतौर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश पैट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया पेट्रोलियम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुकुमार सिंह ने कही।
इससे पहले उन्होंने सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय कार्यालय का उद्घाटन जिला मुख्यालय बिलासपुर में किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेनबो स्टार क्लब की मुख्य सलाहकार निर्मला राजपूत ने की। सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर पंडित सत्यदेव शर्मा ने मुख्य अतिथि सुकुमार को हिमाचली परंपरा अनुसार स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर इंजीनियर पंडित सत्यदेव शर्मा ने बताया कि सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच की स्थापना 9 नवंबर 2016 को हिमाचल के जिला बिलासपुर से हुई थी। पिछले कई वर्षों से सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच सामाजिक कुरीतियों को जड़ से उखाड़ने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सक्रिय कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच 16 राज्यों में कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों में भी सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच का विस्तार किया जाएगा। सभी वर्गों को साथ लेकर मंच कार्य करेगा। इस मौके पर सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच के प्रदेश संयोजक यासीन मिर्जा, सरदार प्रताप सिंह भल्ला, लाडली फाउंडेशन की जिला उपाध्यक्ष शालिनी शर्मा, बिल्किस खान, रेनबो स्टार क्लब के संस्थापक ईशान अख्तर एवं पदाधिकारी नेहा वर्मा, सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता रेखा बिष्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
