दाड़लाघाट में रविवार को होगा सेनिटाइजेशन
दाड़लाघाट क्षेत्र में कोरोना का दूसरा मामला सामने आया है। बीते दिनों इससे पहले कोरोना का मामला ग्राम पंचायत पारनु के गांव ठेरा में आया था ओर स्वस्थ होकर अपने घर वापिस आ गया था। ग्राम पंचायत सन्याडी मोड़ के गांव छामला में शुक्रवार को भी कोरोना का 24 वर्षीय एक व्यक्ति पॉजिटिव आया है। इसको लेकर लोगों में भय का माहौल बन गया है।
जानकारी के मुताबिक गांव छामला का रहने वाला 24 वर्षीय व्यक्ति नालागढ़ में फार्मा कंपनी में नौकरी करता है, 2 अगस्त रविवार को उक्त व्यक्ति अपने घर आया था, उक्त व्यक्ति 5 अगस्त 2020 को आईजीएमसी शिमला में जुखाम बुखार होने के चलते गया हुआ था, जहाँ पर डॉक्टरों द्वारा इसका कोरोना टेस्ट किया गया, जिससे उक्त व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जैसे ही प्रशासन को इस बारे में भनक लगी कि उक्त व्यक्ति की रिपार्ट पॉजिटिव आई है, वैसे ही उक्त व्यक्ति को बखालग कोरोना केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया है।
गौर रहे कि कोरोना के मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसको लेकर लोगों में भय पैदा हो रहा है। उधर ग्राम पंचायत सन्याडी मोड़ के प्रधान हीरा सिंह ने बताया कि लोगों को समय-समय पर कोविड 19 की निर्देशानुसार जानकारी दी जा रही है और इसको लेकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। शुक्रवार को गांव छामला के रहने वाले व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव होने से, पंचायत में लोगों में ख़ौफ़ का माहौल बना हुआ है, लेकिन स्थानीय लोगों से अपील है कि इस तरह से डरने की कोई बात नही है, अगर कोई व्यक्ति उक्त व्यक्ति के संपर्क में आया है तो वो एहतियातन तौर में क्वारंटाइन कर ले। उन्होंने बताया कि रविवार को उक्त स्थान पर सेनिटाइज किया जाएगा।
