शिव भजन 'उचिया धारा भोला बसया' का वीडियो यू-ट्यूब पर लॉन्च
शिव नगरी मणिमहेश, किन्नर कैलाश व श्रीखंड महादेव की भक्ति और हिमाचली लोक संगीत से ओतप्रोत भजन "उचिया धारा भोला बसया" सोमवार को रिलीज हो गया। इस भजन को भैरवी स्टूडियो के यू-ट्यूब चैनल पर लांच किया गया। भजन का विमोचन उत्तर भारत के प्रसिद्ध संगीत निर्देशक परमजीत पम्मी ने किया। इससे पहले भजन के पोस्टर व टीजर को दर्शकों ने सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया था।
इस भजन को बिलासपुर के भजन गायक अभिषेक सोनी व युवा गायक निशांत कपूर ने अपनी सुरीली आवाज से सजाया है, जबकि भजन को प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर परमजीत पम्मी ने संगीतबद्ध किया है। निशांत कपूर द्वारा लिखे इस भजन के वीडियो का निर्देशन युवा डायरेक्टर अभिषेक डोगरा ने किया है। वहीं, भजन में रंगकर्मी जावेद इकबाल ने महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। ईशान गौतम, राघव शर्मा, रजत शर्मा, अखिल निर्मोही, महेश बंसल व पंकज ने सहयोगी कलाकार के रूप में काम किया है। साथ ही आकाश वर्मा डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी (डीओपी) के रूप में कार्य किया है।
भजन गायक अभिषेक सोनी और निशांत कपूर ने बताया कि इस भजन को बिलासपुर की बंदला धार, बहादपुर धार, सिहड़ा, अमरनाथ मंदिर (चंगर सेक्टर) सहित विभिन्न जगहों पर शूट किया गया है। इसके लिए जिला प्रशासन का काफी सहयोग मिला जिसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा मकसद रहता है कि वह अपने भजनों के माध्यम से बिलासपुर की खूबसूरत जगहों को भी देश-दुनिया तक पहुंचाएं ताकि, पर्यटन की दृष्टि से बिलासपुर को फायदा मिल सके।
इससे पहले कृष्ण भजन सांवरा..., उडय़ा देया पंछिया..., माता रानी तू है बड़ी प्यारी... और फकीरी... आदि भजनों को भी बिलासपुर की विभिन्न लोकेशन पर शूट किया जा चुका है जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इस अवसर पर राजपाल कपिल, अश्वनी शर्मा, डॉ. सुरेंद्र सुमन शर्मा, डॉ. अंकुर कौशल, अभिषेक सोनी, निशांत कपूर, अभिषेक डोगरा, ईशान गौतम, राघव शर्मा, रजत शर्मा, अखिल निर्मोही, महेश बंसल, अनन्या शर्मा व अक्षय शर्मा आदि उपस्थित रहे।
म्यूजिक डायरेक्टर परमजीत पम्मी ने कहा कि एक गीत को बनाने में पूरी टीम की काफी मेहनत लगती है। गाने को लिखने से लेकर लांच करने तक काफी समय लगता है और इस दौरान काफी मेहनत होती है। दर्शकों को इस मेहनत को समझते हुए कलाकारों को प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल की लोक संस्कृति पूरे विश्व भर में प्रसिद्ध है। हिमाचल के गीतों को हिंदुस्तान के साथ-साथ बाहरी विदेशों में भी खूब पसंद किया जाता है।
