प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को रखें याद : शशिपाल शर्मा
बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एसडीम घुमारवीं शशि पाल शर्मा ने ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हुए न केवल देश के उत्थान के लिए कार्य करें परंतु उन वीरों को भी नमन करें जिन्होंने हंसते हुए अपने प्राणों की आहुति देश के लिए दे दी।
इस अवसर पर डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने भी कार्यक्रम का आगाज महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रधान हेमराज संख्यान, नगर परिषद अध्यक्ष राकेश चोपड़ा, महेंद्र पाल रतवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। हालांकि कोविड-19 का प्रभाव यहां भी खूब देखने को मिला। सभी लोग जहां 2 गज की सामान्य दूरी अपनाए हुए थे वहीँ मास्क भी सभी लोगों ने पहन रखा था।
बताते चलें कि आजकल घुमारवीं में कोरोनावायरस ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है जिसके चलते जहां अधिकांश दुकानें व नगर परिषद के वार्ड पूर्णतया बंद हैं। वही लोगों में भी इसके प्रति दहशत है तथा हर कोई अपने आप को बचाने के लिए विभिन्न उपाय करने में ही अपनी समझदारी समझ रहा है।
