क्षेत्र में पांच पॉजिटिव केस आने के बाद 2 दिन के लिए बंद हुआ दाड़लाघाट बाजार
दाड़लाघाट के अंतर्गत कोरोना वायरस के मामलों में दिन प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है, ये मामले बीते रविवार को अम्बुजा, कंसवाला व ठेरा से आए। जानकारी के मुताबिक रविवार को क्षेत्र में पांच पॉजिटिव केस आने से हड़कम्प मच गया, हालांकि ये लोग पहले से ही होम कवारंटाइन थे। उक्त व्यक्तियों के सेंपल अभी हाल में ही लिए गए थे।
गौर रहे कि रविवार को उक्त व्यक्तियों की सेंपल रिपार्ट आने के बाद प्रशासन द्वारा इन्हें कोविड केअर सेंटर बखालग में शिफ्ट कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार पांच पॉजिटिव केस में दो व्यक्ति अम्बुजा सीमेंट उद्योग से थे, जो कि बाहरी राज्य से आए थे। वहीं दो व्यक्ति कंसवाला से थे जिनकी पीजीआई से ट्रेवल हिस्ट्ररी बताई जा रही है। वहीं ठेरा का व्यक्ति भी बाहरी राज्य से आया बताया जा रहा है।
हालांकि स्थानीय व्यापार मंडल दाड़लाघाट द्वारा एहतियातन के तौर पर सोमवार व मंगलवार को सुरक्षा के मध्य नज़र पूरे बाजार को बंद करने का फैसला लिया है। इस बारे में दाड़लाघाट व्यापार मंडल के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला व उपप्रधान हेमराज गौतम छोटू का कहना है कि वह स्थानीय प्रशासन के हर निर्णय में कंधे के साथ कंधा मिलाकर खड़े हैं तथा प्रशासन द्वारा जो भी आदेश दिए जाएंगे वे उसका पालन करेंगे। उधर, इस बारे में उपमंडलाधिकारी, अर्की विकास शुकला ने बताया कि दाड़लाघाट के आसपास के क्षेत्रों में 5 कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। उन्होंने लोगो से आह्वाहन किया है कि कोरोना के खिलाफ सरकार व जिला प्रशासन द्वारा जारी किए जा रहे निदेर्शों का पालन करें।
