केंद्रीय विद्यालय किन्नौर में 12वीं कक्षा की नितिका नेगी ने हासिल किया प्रथम स्थान
सीबीएसई की ओर से शुक्रवार को जारी 12वीं कक्षा के (विज्ञान वर्ग) परिणाम में गांव कानम की छात्रा नितिका नेगी ने टॉप किया है। नितिका ने कुल 94.8 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। नितिका ने बातचीत में बताया कि वो अपने इस परिणाम का श्रेयः उनके गुरुजन और माता पिता को देना चाहती है। नितिका के पिता जगत कीर्ति नेगी कनिष्ठ अभियंता है जबकि माता राजेश्वरी देवी निजी स्कूल में अध्यापिका है। नितिका का कहना है कि बड़ों के मार्गदर्शन पर चलने और मेहनत से हम किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते है। नितिका ने इस सफलता के लिए अपने समस्त अध्यापकों का धन्यवाद किया जिन्होंने कोरोना काल में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन रात एक कर ऑनलाइन कक्षाएं ली। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य योगराज नेगी ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं दी। केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ में लगातार चार वर्षों से 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा है।
सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। नेगी ने कहा कि विद्यालय के प्लस टू में कुल 52 में से 7 बच्चों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। विज्ञान वर्ग की नितिका ने कुल 94.8 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विज्ञान वर्ग की ही सिमरन ने कुल 94.6 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है और कॉमर्स वर्ग के हितेश कुमार ने 93.2 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। महक लामा ने 93 प्रतिशत अंक के साथ कला वर्ग में प्रथम एवं विद्यालय में चौथा स्थान हासिल किया है। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ प्राचार्य योग राज नेगी ने सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों को बधाई दी है और बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।