पुलिस ने अवैध खनन करने वालों से वसूला ₹15000 का जुर्माना
दाड़लाघाट क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को एचएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने अपनी टीम के साथ चाखड़-बुघार के पास औचक छापामारी के दौरान दो टिप्पर के पास एम फॉर्म ना होने के कारण ₹15000 का जुर्माना भी वसूल किया। पुलिस द्वारा अवैध खनन करने वालों को दोबारा पकड़े जाने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दे दी गई है।
एचएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने बताया कि चाखड़ बुघार के पास दो टिप्पर जा रहे थे,तो उनको पूछताछ के लिए रोका गया तो उनके पास एम फॉर्म ना होने के कारण उनके खिलाफ माइनिंग एक्ट में कार्यवाही की जा रही है। एचएचओ दाड़लाघाट जीत सिंह ने बताया कि इस दौरान उनके साथ हेड कांस्टेबल सुनील, मंजीत, राकेश भी साथ रहे।
जीत सिंह ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थी कि सब उपमंडल के अनेक इलाकों में अवैध रूप से खनन किया जा रहा है और खनन करने वाले चांदी कूट रहे हैं। वही दाड़लाघाट पुलिस ने पूरी मुस्तैदी में कोविड 19 के दौरान गाड़ियों के चालान करने पर 2 लाख 78 हजार 400 रुपये जुर्माना वसूल किया है।
डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार को एसएचओ दाड़लाघाट ने अपनी टीम के साथ चाखड़ बुघार के पास अवैध खननकारियों से ₹15000 का जुर्माना भी वसूला गया है। उन्होंने बताया कि अवैध खनन करने वालों को चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में खनन करते या वाहनों में खनन सामग्री ले जाते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और उनके खिलाफ माइनिंग एक्ट में मामला दर्ज किया जाएगा।
