बिलासपुर में कहलूर सेवा विकास संस्थान कर रहा बेहतर कार्य : निसार मोहम्मद
बिलासपुर में कहलूर सेवा विकास संस्थान द्वारा बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयास वर्तमान में इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि युवा पीढ़ी अब नशे की ओर ज्यादा आकर्षित हो रही है तथा अपना भविष्य ही नहीं बल्कि जीवन भी बर्बाद कर रही है। बच्चा जब मैदान से जुड़ता है तो उसमें भाईचारा व एकता जैसे संस्कार अपने आप आ जाते हैं। यह बात बिलासपुर में कहलूर सेवा विकास संस्थान के प्रयासों का अवलोकन करने पहुंचे सीआरपीएफ-51 बटालियन चंडीगढ़ के कमांडेट निसार मोहम्मद ने कहीं। उन्होंने कहा कि संस्था ने जो बीड़ा उठाया है वह काबिले तारीफ है। नगर के डियारा सेक्टर स्थित माध्यमिक पाठशाला के खेल मैदान में शनिवार के सांध्यकालीन सत्र में अंतराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने शिरकत की तथा बच्चों को खेलों के बारे में अपने अनुभव सांझा किए तथा महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। अंतराष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी एवं डिप्टी कमाडेंट सीआरपीएफ-133 बटालियन रांची हमीद खान ने बच्चों को खेलों और खिलाड़ियों के खानपान के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने जीवन में एक खेल को चुनना होगा, ताकि उसी पर अपना सारा ध्यान और प्रेक्टिस केंद्रित कर लक्ष्य का प्राप्त किया जा सके। हमीद खान ने कहा कि मौजूदा दौर प्रतिस्पर्धा का है, खिलाड़ियों को चाहिए कि मैदान में खूब मेहनत करें और ऐसा कमाल करें कि उनके साथ देश का नाम भी रोशन हो। ऊना जिला से ताल्लुक रखने वाले हैंडबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी रेहान दूबे ने बच्चों से खूब बातचीत की और उन्हें फिट रहने रहने के टिप्स भी दिए। उन्होंने कहा कि बिलासपुर खेलों के नाम से जाना जाता है, तथा एक बार फिर से नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने का प्रयास अनुकरणीय है। उन्होने कहा कि प्रतिभावान इन बच्चों की जो भी मदद होगी की जाएगी। इस मौके पर कहलूर सेवा विकास समिति के प्रधान सन्नी कुमार ने तीनों अंतराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों का स्वागत किया तथा खिलाड़ियों की हौंसला अफजाई और प्रेरणा देने के लिए आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि मेजर ध्यान चंद जयंती से संस्था द्वारा बच्चों को खेलों से जोड़ने की शुरूआत की है जो लगातार जारी है। बच्चों को खेलता देख अभिभावकों में भी प्रसन्नता की लहर है। इस कार्यक्रम में सस्था की ओर से अजय राणा, दिनेश कुमार, अनिकेत कल्याण, रजत कुमार, स्टार्क, मनीश कुमार आदि मौजूद थे।
