उद्योग मंत्री ने देहरा में किया बलिदानी वीरों के सम्मान में स्थापित तिरंगे का लोकार्पण
उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने रविवार को लघु सचिवालय देहरा के प्रांगण में लगभग 12.50 लाख की लागत से स्थापित 100 फुट ऊँचे तीरंगे झंडे का लोकार्पण किया। दरअसल पिछले वर्ष मई माह में कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए देहरा से संबंध रखने वाले मेजर अनुज सूद वीरगति को प्राप्त हुए थे। इसके पश्चात उनके पिता सेवानिवृत ब्रिगेडियर चंद्रकांत सूद ने बलिदानी पुत्र के सम्मान में देहरा में तिरंगा लगाने की मांग की थी। जिसके बाद जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने उन्हें इसके लिए आश्वस्त किया और देहरा उपमंडल में 100 फुट ऊँचा तीरंगा लगाने के लिए प्रशासन को निर्देश दिए व वितिय सहायता उपलब्ध करवाई। उद्योग मंत्री ने कहा कि मेजर अनुज सूद और देश के लिए सर्वस्व नयौछावर करने वाले देहरा उपमंडल के समस्त बलिदानी वीरों के सम्मान में इस तीरंगे की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश को देव भूमि होने के साथ-साथ वीर भूमि होने का भी सौभाग्य प्राप्त है। इसलिए बलिदानी वीरों के सम्मान के लिए प्रदेश के लोग और सरकार सदैव प्रयासरत रहती है। उन्होंने कहा कि 100 फुट ऊँचा लहराता यह तिरंगा क्षेत्र की जनता को सदैव वीरों के बलिदान की याद दिलाता रहेगा और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगा।
जसवां परागपुर में किया 1.35 करोड़ के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
उद्योग मंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर में ग्राम पंचायत शांतला के अंतर्गत 1.35 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसके तहत उन्होंने 60 लाख रूपये की लागत से बनने वाले जिझर से मगरू वाया सिहोटी संपर्क मार्ग और 75.11 लाख की लागत से बनने वाले लेर से ठां संपर्क मार्ग का कार्य प्रारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि आज जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत से सड़कों के निर्माण एवं सुधारिकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा क्षेत्र में आज ऐसे-ऐसे महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे आने वाले समय में जसवां परागपुर का नाम पूरे प्रदेश में प्रमुखता से लिया जाएगा। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत शांतला में स्थानीय लोगों के साथ मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी सुना।
उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर रक्कड़ और परागपुर में 129 लाभार्थीयों को बांटे 28 लाख के चेक
उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने रक्कड़ और परागपुर में लगभग 129 पात्र लाभार्थीयों को लगभग 28 लाख की सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही हिमाचल प्रदेश सरकार हर पात्र व्यक्ति की सहायता के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से सबसे ज्यादा सहायता राशि यदि किसी क्षेत्र में उपलब्ध करवाई गई है, तो वह जसवां परागपुर विधान सभा क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त उनके स्वयं के डिस्क्रीश्नरी ग्रांट से भी करोड़ों रूपये की सहायता राशि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में पात्र परिवारों को सहायता के रूप में दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दी गई सहायता राशि में से ज्यादातर राशि गंभीर रूप से बिमार चल रहे रोगियों के उपचार हेतु आवंटित की गई है। इसके अतिरिक्त पात्र बच्चों की पढ़ाई, सड़क दुर्घटना में मारे गए व्यक्तियों के परिवारों की आर्थिक सहायता, कन्याओं के विवाह, घरों के सुधार एवं निर्माण हेतु तथा गरीबों को आर्थिक सहायता हेतु यह राशि वितरित की गई है। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि वह कोई भी कार्य मानवता को आधार मानकर करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका ध्यय केवल जसवां परागपुर की जनता को हर संभव सहायता और सुविधा उपलब्ध करवाना है और इसके लिए वह कभी भी किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की जाति या राजनीतिक दल नहीं पुछते। उन्होंने कहा कि शायद इसी कारण आज पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा सहायता राशि के चेक उनके विधान सभा क्षेत्र के पात्र परिवारों और व्यक्तियों को वितरित किए गए हैं। इसके पश्चात उद्योग मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकत्म समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया तथा शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।