देहरा : पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा शिमला के रिज मैदान पर की जाए स्थापित-स्माइल ठाकुर
देहरा गोपीपुर युवा कांग्रेस इंटक के अध्यक्ष स्माइल ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा शिमला के रिज पर स्थापित करने की मांग की है। वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताते हुए स्माइल ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सहज प्रवृति, ईमानदार छवि व उनके अपनेपन के बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक मुरीद थे। प्रदेश-देश से उन्हें अंतिम विदाई देने हजारों की संख्या में पहुंचे बच्चे, युवा, महिलाएं-पुरूष व बुजुर्ग जिस तरह से भावुक हुए, वो एतिहासिक बन गया। उन्होंने कहा कि राजसी ठाठ-बाट छोड़कर 60 सालों तक निरंतर उन्होंने दिन-रात 6 बार मुख्यमंत्री, 5 बार सांसद बनकर एक फकीर की तरह जनसेवा कर सफर तय किया। वे देश के इतिहास के पन्नों में हमेशा दर्ज रहेगा, क्योंकि ऐसा कोई नेता नहीं है जो निरंतर जीतकर लोगों की सेवा करता रहा हो। राजसी परिवार का होने के बावजूद उन्होंने शाही पगड़ी की जगह हिमाचली बुशैहरी टोपी को दुनिया में अलग पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह कांग्रेस के ही नेता नहीं थे बल्कि पूरा हिमाचल और सभी दलों के लोग भी उन्हें मानते थे। ऐसे में उनके सम्मान में प्रतिमा हिमाचल विधानसभा, रिज मैदान व उनके पैतृक शहर रामपुर में स्थापित की जानी चाहिए।”