दाड़लाघाट: पजीणा गांव में प्रेसवार्ता का हुआ आयोजन, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
अम्बुजा उद्योग से प्रभावित लैंड लूजर, बेरोजगार परिवारों के लिए वर्ष 1992 में सरकार और अम्बुजा सीमेंट कम्पनी के साथ जो लिखित समझोते हुए थे, वह आज दिन तक लागू नहीं हुए। यह बात दी चंडी लैंड लूजर एंड इफेक्टेड एंड अनइंप्लॉयड कॉपरेटिव सोसाइटी द्वारा गांव पजीणा में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही गई। सभा के पदाधिकारियों और ग्रामवासियों ने कहा कि सन् 1992 से क्षेत्र में पहले सीमेंट प्लांट सुल्ली की स्थापना को पजीणा से ही पानी की सप्लाई हुई , जबकि इसके बाद स्थापित दूसरे सीमेंट प्लांट और क्रशर को भी पजीणा से नियमित पानी की सप्लाई हो रही है।
सोसाइटी के सदस्यों का कहना है कि ग्राम पंचायत चंडी से स्थानीय लोगों को आज दिन तक प्रत्यक्ष रूप या अप्रत्यक्ष रूप से कोई रोजगार नही मिला है। क्षेत्र के अधिकतर युवा घरों में बोरोजगार बैठे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि उन्होंने की कई बार मुख्यमंत्री, जिलाधीश सोलन, उपमंडलाधिकारी अर्की को भी इस समस्या के बारे में पत्राचार के माध्यम से अवगत करवाया लेकिन आज तक कोई भी सकारात्मक और संतोषजनक जबाव नहीं मिला है।
सभा का कहना है कि अगर सरकार या कंपनी द्वारा पजीणा के लोगों की इस तरह अनदेखी की जाती है तो यहां की जनता को आंदोलन का स्वरूप तैयार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी। इस मौके पर सोसाइटी प्रधान कृष्ण चन्द, सेवड़ा चंडी प्रधान नोख राम, पंचायत समिति सदस्य मनीष, सचिव मदन लाल ठाकुर, केशव राम, पुरषोत्तम, सन्त राम, अजय, सुरेश ठाकुर, मनोहर लाल, किशोर चन्द, नरेंद्र शर्मा, सन्त राम, जगदीश, नरेश, हेमराज, रोशन ठाकुर, नीम चंद, सत्यम सहित सभा सदस्य व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
