सोलन : आयुष मंत्री डॉ.सैजल ने महोग में पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रमों में जन सहभागिता के माध्यम से ही हरित आवरण में आशातीत वृद्धि की जा सकती है। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल के चायल की ग्राम पंचायत झाझा के महोग में युवा मोर्चा सोलन मण्डल द्वारा आयोजित वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर दाड़ू का पौधा रोपा। इस अवसर पर देवदार, दाड़ू व परसीमन इत्यादि के 200 पौधे रोपे गए। आयुष मंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीरगति को प्राप्त सैनिकों को कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देशहित में सर्वोच्च बलिदान देने वाले असंख्य सैनिकों की शहादत को सदैव याद रखें और अपने कर्तव्य पथ पर सजगता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी को देश के लिए अपने प्राण न्यौच्छावर करने वाले वीरों का इतिहास पढ़कर उसका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम कभी भी वीरों के ऋण से उऋण नहीं हो सकते। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व सैनिक नरेश, प्रदीप, सुनील, अनूप, आशीष, अनिल, मोहन सिंह ठाकुर और अमित को हिमाचली टोपी एवं मफलर पहनाकर सम्मानित किया। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री नंदराम कश्यप, वरिष्ठ भाजपा नेता रविन्द्र परिहार, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मदन ठाकुर, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र वर्मा, भाजयुमो मण्डल सोलन के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, महामंत्री दिनकर, ग्राम पंचायत आंजी के उपप्रधान एवं भाजयुमो मंडल महामंत्री वैभव ठाकुर, ग्राम पंचायत चायल के उपप्रधान पंकज ठाकुर, ग्राम पंचायत झाझा के उप प्रधान मनीष ठाकुर, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान संजीव सूद, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डॉ विकास सूद, खण्ड विकास अधिकारी हेमचंद शर्मा, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
