महिलाओं एवं बच्चों के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक- कृतिका कुल्हारी
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग सोलन को निर्देश दिए हैं कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित बनाएं ताकि लक्षित वर्ग इन योजनाओं से समय पर लाभ प्राप्त कर सकें। कृतिका कुल्हारी ने यह जानकारी समेकित बाल विकास परियोजना तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं के सम्बन्ध में गठित जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।कृतिका कुल्हारी ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सभी लक्षित वर्ग इनसे लाभान्वित भी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि इन योजनाओं की जानकारी जिला के प्रत्यक परिवार तक पंहुचे ताकि कोई भी पात्र महिला एवं बच्चा इनका लाभ लेने से वंचित न रहे। उन्होंने सुकन्या समृद्धि एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अधिक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लड़कियों व महिलाओं के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न विभागीय योजनाओं का समुचित प्रचार करें और इन योजनाओं की जानकारी एवं डाटा समेकित बाल विकास परियोजना तक पंहुचाएं।
बैठक में बताया गया कि पूरक पोषण कार्यक्रम के अन्तर्गत सोलन जिला में 38481 शिशुओं, बच्चों, गर्भवती एवं धातृ महिलाओं को पोषाहार उपलब्ध करवाया जा रहा है। तीन से पांच वर्ष आयुवर्ग के 11747 बच्चे आंगनवाड़ी केन्द्रों में पूर्व पाठशाला शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बैठक में अवगत करवाया गया कि महत्वाकांक्षी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बीपीएल परिवारों की दो बच्चियों तक के जन्म पर डाकघर अथवा बैंक में 12,000-12,000 रुपए की एफडी करवाई जाती है तथा स्नातक स्तर की शिक्षा तक वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। सोलन जिला में योजना के तहत वर्ष 2020-21 में लगभग 62.51 लाख तथा वर्ष 2021-22 में अभी तक लगभग 69.60 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमन्त्री कन्यादान योजना के पात्र लड़कियों को विवाह अनुदान के रूप में 51,000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाती है। सोलन जिला में वर्ष 2020-21 में इस योजना के तहत 105 पात्र लड़कियों के विवाह के लिए 49.61 लाख रुपए तथा वर्ष 2021-22 में अभी तक 52 पात्र लड़कियों के विवाह के लिए 26.80 लाख रुपए उपलब्ध करवाए गए। उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. मुक्ता रस्तोगी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा, नाबार्ड के प्रबन्धक अशोक चैहान, जिला के सभी सीडीपीओ एवं शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे।
