राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत धर्मपुर में हिम ईरा दुकान का हुआ विधिवत शुभारम्भ
कृतिका कुल्हारी ने विकास खण्ड धर्मपुर के पंचायती राज प्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत प्रधानों एवं सचिवों की संयुक्त प्रशिक्षण कार्यशाला को सम्बोधित किया। उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविड-19 पोजिटिव रोगियों के सम्पर्क में आए व्यक्तियों की खोज एवं परीक्षण के लिए सभी को जागरूक बनाएं।उन्होंने कार्यशाला के उपरान्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत धर्मपुर में हिम ईरा दुकान का विधिवत शुभारम्भ भी किया। उन्होंने यहां विभिन्न स्वंय सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों निरीक्षण किया और उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना की। कृतिका कुल्हारी ने इस अवसर पर कहा कि कोविड-19 जैसे गम्भीर रोग से बचाव के लिए सभी स्तरों पर सत्त तैयारी के साथ जागरूकता अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में पंचायत प्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत प्रधानों की विभिन्न समस्याओं को शीघ्र निपटाया जाए। कार्यशाला में पंचायती राज अधिनियम, पंचायत प्रधानों के अधिकारों, कर्त्वयों एवं शक्तियों, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी अधिनियम के तहत किए जाने वाले कार्यों, वित्तीय तथा न्यायिक शक्तियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला में विभिन्न वन अधिनियमों तथा ग्राम पंचायत में जन्म एवं मृत्यु के पंजीकरण की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बीडीसी धर्मपुर की अध्यक्ष जमुना देवी, उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, विभिन्न पंचायतों के 100 से अधिक प्रतिनिधि, उपमण्डलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री सहित अन्य कार्यशाला उपस्थित थे।
