सोलन : सशक्त ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर गांव का आधार-कृतिका कुल्हारी
उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने कहा कि सशक्त ग्राम पंचायतों के माध्यम से ही आत्मनिर्भर ग्राम की कल्पना सम्भव है तथा पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि अपनी दूरदर्शिता से गांव के विकास को नए आयाम प्रदान कर सकते हैं। कृतिका कुल्हारी आज यहां सोलन विकास खण्ड की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों तथा उप प्रधानों के साथ स्वच्छ हिमाचल अभियान-2021, कैच द रेन एवं कोविड नियम पालन के सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहीं थीं। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि प्रदेश की सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भूमिका है।
केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमों का लाभ ग्राम स्तर पर लक्षित वर्गों तक पहुंचाने में सहयोग करें। कृतिका कुल्हारी ने पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों से आग्रह कि वे स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के साथ-साथ जन-जन को स्वच्छता की दिशा में जागरूक करें। हम सभी को यह समझना होगा कि साफ-सफाई सुनिश्चित बनाकर ही सभी को स्वस्थ रखा जा सकता है। जिला परिषद सदस्य मनोज वर्मा एवं राजेन्द्र ठाकुर, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान एवं सचिव, स्वयंसेवी संगठन शिक्षा क्रान्ति के सत्येन, तहसीलदार सोलन गुरमीत नेगी सहित अन्य बैठक में उपस्थित थे।
