लडभड़ोल: भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका प्रथम, कविता का दूसरा स्थान
उद्यांश सूद । लडभड़ोल
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल, जिला मंडी में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 13 विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति युवाओं को जागरूक करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ अभियान के संयोजक डॉ. अमित कौड़ा के संक्षिप्त संबोधन के साथ हुआ। भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका प्रथम, कविता द्वितीय और प्रियंका व पूजा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य संजीव कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत युवाओं का सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक होना समस्त समाज व राष्ट्र की बेहतर व्यवस्था के लिए वरदान साबित होगा।
इससे न सिर्फ राष्ट्र की संपत्ति के होने वाले नुकसान से बचाव संभव होगा, बल्कि बहुमूल्य मानव संपत्ति की रक्षा भी सुनिश्चित हो पाएगी। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी भविष्य के नागरिक होने के नाते अपने व्यवहार से समाज को सही दिशा देने में तभी सक्षम हो पाएंगे, जब वे स्वयं भी उक्त विषयों संबंधी जागरूक होंगे। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के समस्त सहयोगियों को धन्यवाद प्रेषित किया।
