एनएच-205 पर पड़े गड्ढे बड़ी दुर्घटना को दे रहे न्योता
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट से निकलने वाले एनएच-205 की गांव स्यार के पास बनी जर्जर स्थिति दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। इस मार्ग पिछले कई दिनों से हो रही वर्षा के कारण बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक स्किट होकर चोटिल हो रहे हैं, साथ ही छोटी गाड़ियों कारों इत्यादि का नुकसान हो रहा है और इस मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इसके बाद भी एनएचएआई विभाग नहीं चेत रहा है। सीमेंट व क्लिंकर से भरे वाहनों के कारण स्यार से निकलने वाले मार्ग पर गोयल मोटर के सामने सड़क में गहरे गड्ढे बन गए हैं। गांव स्यार के स्थानीय निवासी राजेश चंदेल, संतराम, रमेश भाटिया, राहुल चौधरी, बाबूराम, लेखराम, भारत भूषण, हेमराज गौतम, भानु गौतम, सुमन गौतम ने बताया कि इस मार्ग की हालत बेहद खराब है, आए दिन सड़क पर पड़े गड्ढ़ो के कारण दुर्घटना घट रही है। उसके बाद भी एनएचएआई विभाग इस मार्ग की दशा सुधारने के लिए कार्रवाई नहीं कर रहा है। स्यार वार्ड के पंचायत सदस्य रमेश भाटिया व युवा ग्राम सुधार समिति दयोठी स्यार के प्रधान हेमराज गौतम व सदस्यों ने कहा कि जल्द सड़क दुरुस्तीकरण का काम नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे क्योंकि इस मार्ग पर किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना घट सकती है।
