दाड़लाघाट : एनएच-205 छामला में गाड़ियों की पासिंग का स्थान आम जनता के लिए बना मुसीबत
दाड़लाघाट उपमंडल के अंतर्गत एनएच-205 छामला में एमबीआई द्वारा गाड़ियों की पासिंग का स्थान आम आदमी के लिए मुसीबत बन गया है। इस स्थान पर एक माह में लगभग 3 बार गाड़ियों की पासिंग की जाती है। अपनी गाड़ी की पासिंग करवाने के लिए चालक एक दिन पहले से ही सड़क के दोनों ओर अपनी गाड़ियां लगा देते हैं, जिस कारण एक दिन पहले से ही जाम की स्थिति शुरू हो जाती है और पासिंग वाले दिन तो स्थिति बेकाबू हो जाती है। सड़क पर चलने वाले रुटीन वाहनों को घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अंबुजा सीमेंट उद्योग के ट्राले भी मुख्य मार्ग पर आते हैं, जिनके कारण पहले ही यहां जाम की स्थिति बनी रहती है और पासिंग वाले दिन तो आम आदमी को यहां से गुजरना और मुश्किल हो जाता है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि पासिंग के लिए इस साथ को बदलकर किसी ऐसी जगह स्थापित करें जहाँ वहां खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह हो। वंही, इस बारे में जब डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पासिंग के बारे में कोई सूचना नही थी। लोगों को जल्द इस समस्या से निजात दिलवाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
