एस वी एन कुनिहार ने मनाया अपना 31 वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह

एस वी एन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार ने शुक्रवार को अपना 31 वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही हर्षोउल्लास के साथ मनाया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा सचिव रत्तन सिंह पाल ने शिरकत की। वहीँ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमर सिंह ठाकुर व मण्डल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम का आगाज़ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित करके व विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने स्वागत गीत से सभी मेहमानों का स्वागत किया। विद्यालय प्रधानाचार्य टीसी गर्ग ने विद्यालय की वर्ष भर की उपलब्धियों को सभी के समक्ष रखा। इसके पश्चात विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का टोपी शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे नन्हे बच्चों ने भारत वर्ष की एकता पर विभिन्न राज्यो की वेशभूषा में डांस प्रस्तुति देकर भारत की संस्कृति से रूबरू करवाया। देश भक्ति के गीतों पर बेहतरीन डांस प्रस्तुति पर सभी ने तालियां बजाकर छोटे बच्चो का हौंसला बढ़ाया। इसके अलावा विद्यालय के विद्यार्थियों ने पहाड़ी नाटी, गिद्दा, पंजाबी व हरियाणवी नृत्य सहित इंडो वेस्टर्न डांस व योगा पेश करके कार्यक्रम को चार चांद लगा दिए। मुख्य अतिथि रत्तन सिंह पाल ने एस वी एन विद्यालय परिवार व स्कूल प्रबंधन समिति को 31वें समारोह के आयोजन के लिए बधाई दी व विद्यालय की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के मार्ग दर्शन में अपने जीवन मे तय मुकाम को हासिल करने के लिए मेहनत करने को कहा व समाज मे फैल रहे विभिन्न प्रकार के नशे से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कृत संकल्प है व शिक्षा को ग्रामीण स्तर पर और ऊंचा उठाने के लिए बजट का उचित प्रावधान है। स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम को भी मुख्य अतिथि ने सराहा व अपनी ओर से 5100 रु सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए दिए व पँचायत घर से स्कूल तक जल्द ही रास्ता पक्का करवाने का आश्वासन दिया। पाल ने शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों में प्लस टू में प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहे जीवेश अवस्थी व सातवे स्थान पर रहे अक्षत शर्मा को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त सुधीर वर्मा, शिया झांजी, ओमांश ठाकुर, आकाश कर्ड, तनुज कुमार, नन्दिनी ठाकुर, विवेक गुप्ता, तनुजा, मुकुल सिंह पाल, अंकिता ठाकुर, अंकिता चौधरी, कनिक, अर्जुन, मुस्कान, अंजली वर्मा, रोहित वर्मा, साहिल वर्मा आदि को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के आखिर में एस वी एन स्कूल के निर्देशक टीसी गर्ग ने मंच से मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य लोगों का कार्यक्रम के लिए दिए अपने अमूल्य समय के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में हाटकोट पंचायत प्रधान सुनीता ठाकुर, उप प्रधान राजेश शर्मा, बीडीसी सदस्य कंचन माला, सुकन्या गुहा, लूपिन गर्ग , पुष्पा गर्ग, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य अमर सिंह ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा, इन्द्र पाल शर्मा, सुरेश जोशी, ओम प्रकाश भारद्वाज, कौशल्या कंवर, बीएस ठाकुर, पंकज शर्मा नरेश तनवर, राजेन्द्र जोशी, एसएमसी अध्यक्ष रणजीत पाल, डीआर तनवर, अनिल गर्ग , स्यामनन्द शांडिल, नन्द लाल, हँसराज ठाकुर आदि गणमान्य लोगों सहित अभिवावक वर्ग मौजूद रहे।