जिला के 340 स्कूलों में पूर्व प्राथमिक शिक्षा आरम्भ : राजेश्वर गोयल
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जिला के 340 स्कूलों में 3 से 6 वर्ष तक की आयु के बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने के लिए पूर्व प्राथमिक शिक्षा आरम्भ की गई है। उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि कोविड-19 के दृष्टिगत स्कूलों में आनलाईन दाखिला 25 जुलाई से पूरे प्रदेश में आरम्भ कर दिया गया है जिसके तहत जिला बिलासपुर के स्कूलों में आनलाईन दाखिला चल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 1262 बच्चे दाखिला ले चुके है। उन्होंने बताया कि हर घर पाठशाला के माध्यम से बच्चों का बौद्धिक, शारीरिक, भाषायी, सृजनात्मक, सामाजिक व भावनात्मक विकास करने के लिए विभिन्न प्रकार की गतिविधियां बच्चों को करने के लिए दी जा रही है जिससे बच्चों का खेल-खेल में संर्वागिण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले नर्सरी कक्षाओं में बच्चों के दाखिले के लिए अभिभावक निजी स्कूलों में जाते थे लेकिन निम्न वर्ग के लोग अपने बच्चों को अधिक फीस होने के कारण निजी स्कूलों में नहीं भेज पाते थे लेकिन गत वर्षों से सरकारी स्कूलों में नर्सरी की कक्षाएं आरम्भ की गई है जिसमें सुंदर क्लासरूम, सुंदर फर्नीचर और बच्चो के लिए मनमोहक खिलौने तथा टीचिंग लर्निंग मटिरियल के अतिरिक्त बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए टायलेट किट भी प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि गत् वर्ष जिला में 1961 बच्चों ने नर्सरी और केजी कक्षाओं में दाखिला लिया। उन्होंने बताया कि बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य द्वारा प्रशिक्षित जिला स्त्रोत व्यक्तियों के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया।
पाठ्यक्रम आधारित प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर राज्य भर में प्रतिशत के आधार पर प्रथम
उपायुक्त ने बताया कि हर घर पाठशाला के अंतर्गत प्रदेश में आरम्भ की गई आनलाईन शिक्षा में प्रत्येक शनिवार को पाठ्यक्रम आधारित प्रश्नोतरी प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाती है जिसमें जिला बिलासपुर ने राज्य भर में प्रतिशत के आधार पर प्रथम तथा छात्र संख्या के आधार पर द्वितीय स्थान हासिल किया है। उन्होंने बताया कि ई-पीटीएम (अभिभावक शिक्षक) में जिला ने प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है। ई-संवाद में जिला तृतीय स्थान पर रहा। उन्होंने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा संचालित “फिट इंडिया मूवमेंट” कार्यक्रम में भी जिला ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा राकेश पाठक ने पूर्व प्राथमिक शिक्षा के बार में जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर में डाईट के तहत प्रशिक्षण हासिल कर रहे प्रशिक्षुओं के लिए आनलाईन कक्षाएं गुगल और वाट्सऐप के माध्यम से चलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में डाईट बिलासपुर द्वारा प्रथम बार आनलाईन टेस्ट की भी व्यवस्था की गई है जोकि 18 अगस्त से 25 अगस्त तक होंगे जिसमें डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन पार्ट-1 एण्ड 2 की यूनिट टेस्ट आयोजित किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि स्कूल और डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन के प्रशिक्षुओं के अभिभावकों को विडियो काॅन्फ्रेसिंग के माध्यम से भी जागरूक किया गया है। उन्होंने समस्त अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों व सभी समुदाय वर्ग से आग्रह किया कि केजी व नर्सरी कक्षाओं के लिए बच्चों का दाखिला नजदीकी सरकारी स्कूलों में करवाएं ताकि बच्चे सरकारी स्कूलों में उपलब्ध आधुनिक रूप से सुसज्जित सभी मूलभूत सुविधाओं का लाभ उठा सके। इस अवसर पर जिला समन्वयक पूर्व प्राथमिक शिक्षा संजय कुमार शामा, सांख्यिकी विद दिनेश कुमार के अतिरिक्त अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
