गेयटी थिएटर शिमला में 7 अगस्त को हथकरघा दिवस का होगा आयोजन
प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को मूर्त रुप देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में 7 अगस्त को हथकरघा दिवस का आयोजन गेयटी थिएटर शिमला में किया जा रहा है। ये जानकारी राज्य रैड क्रोस सोसाइटी की अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष डॉ साधना ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प व हथकरघा विभाग की ओर से आयोजित गेयटी थिएटर में प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के उपरांत दीं। उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता में आने के एक वर्ष बाद ही 7 अगस्त को हथकरघा दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया क्योंकि वर्ष 1905 में इसी दिन कलकता टाउन हाल में स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत बंगाल विभाजन के विरोध में की गई थी। प्रधानमंत्री द्वारा बुनकरों व हस्तशिल्पियों के सम्मान के लिए हथकरघा दिवस मनाने का निर्णय लिया तथा इस वर्ष 7वाँ हथकरघा दिवस मनाया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प व हथकरघा निगम के प्रबन्ध निदेशक कुमुद सिंह ने अवगत करवाया की 7 अगस्त को होने वाले आयोजन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा की जानी प्रस्तावित है। इस आयोजन में विभिन्न कार्यक्रमों के अतिरिक्त हथकरघा उत्पादों पर आधारित फैशन शो का आयोजन भी किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प व हथकरघा निगम के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने डॉ साधना सिंह का इस प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के लिए धन्यवाद किया तथा बताया कि बुनकरों व हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है जिस पर कार्य किया जा रहा है तथा इस मुश्किल समय में इन कामगारों को सुदृढ़ करने के लिए अत्यधिक प्रयास करने की जरुरत है।
इस अवसर पर महापौर शिमला सत्या कौंडल, हिमाचल प्रदेश हस्तशिल्प व हथकरघा निगम के महाप्रबंधक योगेश गुप्ता, मंडलाध्यक्ष राजेश शारदा, मंडल महामंत्री सुशील चैहान, जिला सचिव शिमला अजय शरना, महामंत्री महिला मोर्चा पिंकी गोयल, निदेशक वाईल्ड लाइफ बोर्ड आसीम आलुवालिया, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव चैहान, पूर्व पार्षद भारती सूद, पार्षद आशा शर्मा, डॉ किमी सूद, दीपक शर्मा, पूर्व पार्षद राजेश्वरी एवं अन्य पार्षद भी उपस्थित थे।
